पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

विधायक की कनपटी पर पिस्तौल : ‘आईजी ने कहा गोली नहीं चली, एएसआई ने कहा चली है’

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फिरोजपुर. गुरुहरसहाय के विधायक राणा गुरमीत सिंह सोढी की कनपटी पर पिस्तौल रख हवाई फायर करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा बनाई गई एसआईटी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने इस मामले को झूठ का पुलिंदा बताते हुए राणा सोढी व उनके समर्थकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही है।
शुक्रवार को बठिंडा जोन के आईजी निर्मल सिंह ढिल्लों ने कहा था कि राणा सोढी के गनमैन एएसआई सुखविन्द्र सिंह ने लिखित रूप में दिया है कि गोली नहीं चली, लेकिन शनिवार को राणा सोढी ने एक बार फिर संवाददाता सम्मेलन में पुलिस की एसआईटी टीम द्वारा जारी की गई रिपोर्ट को गलत बताया।
सम्मेलन में राणा सोढी के गनमैन एएसआई सुखविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल मिट्ठू सिंह व राजविन्द्र सिंह ने डंके की चोट पर कहा है कि 7 मई को जब गांव चपाती के पास वरदेव सिंह मान, कैश मान, मोंटू वोहरा और उनके समर्थकों द्वारा राणा सोढी की गाड़ी का घेराव किया गया तो उस समय वहां गोली चली, लेकिन सुखविन्द्र सिंह यह बताने की स्थिति में नहीं है कि गोली किसने चलाई।
उसने सनसनीखेज खुलासा करते हुए यह भी कहा कि असल में इस पूरे मामले में अकालियों के विरुद्ध पर्चा मेरी तरफ से दर्ज करवाया जाना चाहिए था, क्योंकि मेरे साथ भीड़ ने नाइंसाफी की और वर्दी की बेअदबी की। मैं एक कर्मचारी होने के नाते चुप रहा, लेकिन वहां गोली अवश्य चली है।
एएसआई सुखविन्द्र द्वारा शनिवार को दी गई इस स्टेटमेंट के बाद जब बठिंडा जोन के आईजी निर्मल सिंह ढिल्लों से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मैने जो बात संवाददाता सम्मेलन में कही है वह एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर कही है। ढिल्लों ने किसी विवाद में न पड़ने के चलते कहा कि एसआईटी के चेयरमैन फिरोजपुर के एसएसपी वरिन्द्रपाल हैं उनसे बात की जा सकती है।
स्टेटमेंट बदली जा रही है : एसएसपी
एसएसपी ने कहा राणा सोढी की स्टेटमेंट और उनके एएसआई सुखविन्द्र सिंह की स्टेटमेंट में जमीन-आसमान का फर्क है। एक तरफ तो सुखविन्द्र पूरे घटनाक्रम के दौरान राणा सोढी का सुरक्षा घेरा बनाए रखने की बात कर रहा है, अगर मोंटू वोहरा ने गोली चलाई थी तो सुखविन्द्र सिंह को सारी स्थिति स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मामले को उलझाने के लिए बार बार स्टेटमेंट बदली जा रही है। प्रशासन निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रहा है।