पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

खुदकुशी नहीं, बेटी नेहा का दामाद ने प्री-प्लान मर्डर किया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जालंधर. लद्देवाली के मान सिंह नगर में पति की बेवफाई के बाद दम तोड़ने वाली नेहा के मामले ने शनिवार को नया मोड़ लिया है। बेटी की मौत के बाद पहली बार उसके ससुराल घर जाकर आए पिता मदन लाल ने कहा कि नेहा ने खुदकुशी नहीं की।
उनका आरोप है कि आशू व उसके परिवार ने पूरी प्लानिंग के साथ बेटी का मर्डर किया है। उन्हें चार एंगल से हत्या लग रही है। पहला ये कि अगर नेहा ने पंखे से लटककर खुदकुशी की थी, तो ससुर ने पुलिस के आने से पहले उसे क्यों उतार लिया। दूसरा ये कि क्या से संभव है कि ससुर अकेले पंखे से उसे नीचे उतार सकें। तीसरा ये कि नेहा का कद छोटा था और छत काफी उंची। ऐसे में वह सुसाइड कैसे कर सकती है। चौथा ये कि आशू ने दावा किया था कि नेहा ने मरने से पहले एस्ट्रोलॉजिस्ट को मैसेज किया था। ये मैसेज भी साजिश में शामिल लग रहा है। उनका कहना है कि पुलिस ने चाहे उन पर खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है, लेकिन उनकी मांग है कि उन पर हत्या का केस दर्ज किया जाए।

नेहा के शव के पोस्टमार्टम में सुसाइड करने के हालात डॉक्टरों को साफ नहीं लग रहे है। पोस्टमार्टम करने वाले सिविल अस्पताल के डॉ. तरसेम लाल का कहना है कि विसरा जांच के लिए खरड़ लैब भेजा है। वहीं से साफ होगा कि नेहा ने सुसाइड की है या उसका मर्डर हुआ है।
थाना रामामंडी एसएचओ बिमलकांत का कहना है कि उनके परिवार ने खुद शुक्रवार को बयान लिखवाए थे कि उनकी बेटी ने आशू से दुखी होकर खुदकुशी की है। अब हत्या के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि ऐसा लिखित में नहीं है। एस्ट्रोलॉजिस्ट को कितने बजे नेहा के फोन से मैसेज गया, इसकी जांच जारी है।
आरोप : एस्ट्रोलॉजिस्ट को आशू ने खुद किए मैसेज
आशू की करीबी एस्ट्रोलॉजिस्ट की भूमिका पर भी सवाल उठने लग गए हैं। आशू ने कहा था - नेहा ने मरने से पहले एस्ट्रोलॉजिस्ट को मैसेज कर कहा था- आशू के सर्टिफिकेट गुम गए हैं। इस कारण वह जान दे रही है। आशू की इस बात को नेहा के पिता मदन लाल ने गलत करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया - एस्ट्रोलॉजिस्ट को ये मैसेज आशू ने खुद साजिश के तहत भेजे हैं। वह सेफ रहना चाहता था। इकहरी पुली में रहती एस्ट्रोलॉजिस्ट आशू की करीबी है। चूंकि जब बेटी ने सीटी इंस्टीट्यूट से बीटेक फ़र्स्ट ईयर क्लियर की थी, तब वह बेटी को लेकर उनके पास गए थे। एस्ट्रोलॉजिस्ट के कहने पर ही उन्होंने आशू के पास बेटी की ट्यूशन रखी थी।