नई दिल्ली/जालंधर | केंद्र ने 1984 के सिख दंगों की दोबारा जांच के लिए गुरुवार को एसआईटी बना दी। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय ने छह माह में रिपोर्ट मांगी है। तीन सदस्यीय एसआईटी के प्रमुख होंगे प्रमोद अस्थाना। 1986 बैच के आईपीएस अफसर अस्थाना मणिपुर-त्रिपुरा कॉडर के हैं। रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कपूर और दिल्ली पुलिस में एडिशनल डीसीपी कुमार ज्ञानेश इसके सदस्य होंगे।
एसआईटी बनाने की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस जीपी माथुर की अध्यक्षता वाली कमेटी ने पिछले महीने की थी। इन दंगों में 3,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे। जस्टिस नानावटी आयोग की सिफारिश पर सीबीआई ने 241 में से सिर्फ चार की दोबारा जांच की थी। सिर्फ एक केस में पांच लोगों को दोषी ठहराया गया था। भाजपा सभी 241 मामलों में दोबारा जांच की मांग करती रही है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि एसआईटी कितने मामलों की जांच करेगी।