जालंधर. नगर निगम और ठेकेदार की लापरवाही से रविवार को शेखां बाजार में नगर निगम ड्राइवर यूनियन के प्रधान अरुण कल्याण का बेटा खुले मैनहोल में गिर गया। अली मोहल्ले में रहने वाले अरुण ने बताया कि उसका बेटा चेतन शेखां बाजार की खोदी गई सड़क पर गिर गया। वहां सड़क बनाने को बजरी रखी हुई है। बजरी से चेतन का पैर फिसल गया और वह खुले मैनहोल में जा गिरा। मौजूद लोगों ने लाठी की मदद से उसे बाहर निकाला।
दुकानदार शनिवार को ही ढक्कन चोरी होने की शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने मेनहोल को बंद करने की भी मांग की थी। लेकिन किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। जख्मी बच्चे को निजी अस्पताल ले गए। लोगों का आरोप है कि निगम के जिम्मेदार अधिकारियों पर पर्चा दर्ज करवाया जाए।
ठेकेदार, निगम जेई और स्टोर इंचार्ज पर दर्ज करवाएं पर्चा
पार्षद सीनियर डिप्टी मेयर अरविंदर कौर ओबराय का कहना है कि ठेकेदार और नगर निगम के जेई व स्टोर इंचार्ज के खिलाफ पर्चा दर्ज कराया जाएगा। अरविंदर कौर का कहना है कि उन्होंने शनिवार को ही निगम के जेई को कहा था। सुबह भी फोन किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को वह थाना चार में लिखित शिकायत करेंगे और पर्चा दर्ज करने की मांग करेंगे।