जालंधर। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गुरदासपुर पुलिस ने फौजी अश्विनी को गिरफ्तार किया है। वह सुजानपुर के वार्ड-पांच के मोहल्ला शेखां का है। वह डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में सिपाही है और फिरोजपुर में असलहा डिपो पर तैनात है। मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण एसएसपी गुरप्रीत सिंह तूर और सुरक्षा एजेंसी फौजी से पूछताछ कर रही है।
आरोपी से सेना के गुप्त दस्तावेज, नक्शा और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एसएसपी तूर ने कहा कि सुबह मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। एसएचओ गुरदीप सिंह ने सूचना पर बस में गुरदासपुर आ रहे फौजी को बस अड्डे के पास से चेकिंग के दौरान पकड़ा व सीआईए स्टाफ लेकर गई। यहां पर फौजी से पूछताछ शुरू की गई। फौजी ने माना कि उसके तार आईएसआई से जुड़े हैं और वह सेना की गुप्त सूचनाएं फोन पर देता था। पुलिस ने पाक फोन करने में इस्तेमाल
मोबाइल और सिम भी बरामद कर लिया है।
आरोपी ने माना कि फिरोजपुर में उनके असलहा डिपू में कितना असलहा है, फौज की नफरी कितनी है आदि सूचनाएं वह दे चुका था। पुलिस को शक है कि फौजी के नेटवर्क से और लोग जुड़े हैं। फौजी से देश की सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे हैं। एक पुलिस पार्टी ने फिरोजपुर में आरोपी के क्वार्टर और घर में जा कर चेकिंग की। पुलिस यह पता कर रही है कि फौजी के तार आईएसआई से कैसे जुड़े। फौजी ने माना , जासूसी के एवज में उसे पैसे हवाला से मिलते थे।
लॉटरी निकलने का झांसा दे फंसाया था आईएसआई ने
फौजी ने बताया, करीब दो साल पहले की बात है। उसके भतीजे को पाकिस्तान से कॉल आई थी। कॉल यह कहकर की गई थी कि लॉटरी निकली है। लेकिन फोन करने वाले ने फैमिली डिटेल लेते हुए उसका नंबर ले लिया था। उसके मोबाइल पर पाकिस्तान से कॉल आने लगी। वह डेढ़ साल से जासूसी कर रहा था।