पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Transporters Students Beaten With Sticks Ran Buses On The Road Wade

ट्रांसपोर्टरों ने छात्रों को बसों से उतारा सड़क पर ही दौड़ा कर डंडों से पीटा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बरनाला. बस टिकट न लेने को लेकर छात्रों और ट्रांसपोर्टरों में चल रहा विवाद बुधवार को टकराव में बदल गया। आईटीआई चौक पर दो बसों में सवार करीब 15 छात्रों को हथियारों से लैस करीब 24 प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों ने घेर लिया और बस से उतारकर सड़क पर ही दौड़ा-दौड़ा कर डंडों, रॉडों से पीटा। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी लेकिन हमलावरों को रोकने के बजाए तमाशा देखती रही।

हमले में आठ छात्र घायल हो गए जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हमले के विरोध में छात्रों ने घटनास्थल पर ही हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने ट्रासंपोर्टरों पर कार्रवाई करे की बजाए हंगामा करने के आरोप में बाकी छात्रों को थाने में ले जाकर बंद कर दिया। इसके विरोध में गुस्साए अन्य छात्रों ने थाने के बाहर धरना दे दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उधर घायल आठों छात्रों को देर शाम अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया।

ट्रांसपोर्टरों के साथ मिली हुई है पुलिस : स्टूडेंट्स यूनियन

पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के राज्य स्तरीय नेता प्रदीप कस्बा व सिमरजीत सेखा ने बताया कि पुलिस ट्रांसपोर्टर्स के साथ मिलकर बस पास सुविधा को खत्म करना चाहती है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे सरकारी आईटीआई के पास हथियारों से लैस ट्रांस्पोर्टरों ने अवैध नाका लगा लिया। इस दौरान पुलिस भी वहां मौजूद थी। ट्रांसपोर्टरों ने बस स्टैंड की तरफ से आ रही दो बसों से करीब 15 छात्रों को उतार लिया। हमलावर रॉड, हॉकियों व बैसबॉल से लैस थे। ट्रांसपोर्टरों ने छात्रों पर हमला कर दिया। पुलिस ने घायल छात्रों को भी थाने ले गई।