जालंधर. वर्ल्ड
कबड्डी लीग में मैच खेलने पहुंची पाकिस्तान की लाहौर लायंस की टीम के सदस्यों की फूड प्वायनिंग से हालत बिगड़ गई। शाम को कैलफोर्निया ईगल से हारने के बाद कोच ने आयोजकों पर गुस्सा निकाला।
गुरुवार रात टीम को एक नए बने होटल में रोक दिया था। वहां खाने का इंतजाम नहीं था। रात में खिलाड़ियों को बाहर से खाना लाकर दिया। मसाला अधिक होने की वजह से टीम के एक व्यक्ति को सुबह होते फूड प्वायजनिंग हो गई। थाना दो के एसएचओ लखबीर सिंह ने उन्हें सिविल अस्पताल से दवा दिलवाई। विरोध पर टीम को डाउन-टाउन होटल में शिफ्ट कर दिया गया। फुटबाल चौक स्थित एस-1 होटल में किचन का इंतजाम नहीं है। आयोजक टीम के अन्य सदस्य शहर के थ्री और फाइव स्टार होटलों में ठहरे हुए हैं।
पाकिस्तानी खिलाड़ियों को इस बात का बहुत मलाल है। उन्होंने वर्ल्ड कबड्डी लीग के कमिश्नर से शिकायत भी की है। पाकिस्तान टीम के मीडिया मैनेजर अब्दुल राउफ ने कहा कि हमारी टीम पूरी तरह से ठीक है। किसी भी खिलाड़ी को कोई फूड प्वाइंजनिंग नहीं हुई है। मैदान में उनका उत्साह दिखाई देगा। होटल छोड़ने के सवाल पर वह कोई सही जबाव नहीं दे सके। मैच के खत्म होने के बाद लाहौर लायंस के कोच गुलाम अब्बाज भट्ट ने आयोजकों के साथ बहस की। बोले - ऐसे होटल में ठहरा दिया है, जहां खाना मांगने के पांच घंटे बाद आता है। इसकी वजह से हमारी टीम के सदस्यों की तबीयत खराब हुई है। कोच ने हार का कारण अव्यवस्था को बताया है। आयोजकों ने उन्हें शात किया।
एस-1 होटल पहुंची हेल्थ टीम, खाली मिले बर्तन
फूड प्वाइंजनिंग की शिकायत मिलते ही फूड सेफ्टी आफिसर डाॅ. बलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने होटल में जाकर पूछताछ की तो पता चला कि यहां पर खाना नहीं बनता है। इसके लिए रात में आए हुए खाने के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि यहां पर खाना बाहर से आता है। जिस बर्तन में खिलाड़ियों ने खाना खाया था उस बर्तन को धुल दिया गया था। जिसकी वजह से टीम खाली हाथ लौट आई। इस मामले की रिपोर्ट बनाकर एसडीएम वन को सौंप दी गई। डाॅ. बलविंदर सिंह ने बताया कि सिविल सर्जन डा. आरएल वस्सन के पास शिकायत आई हुई थी। उनके निर्देश पर हमारी होटल एस-1 में चेकिंग करने गई हुई थी। लेकिन वहां पर कुछ नहीं मिलने से इसकी रिपोर्ट बनाकर एसडीएम वन को दी गई है।
मैच के खत्म होने के बाद लाहौर लायंस के कोच गुलाम अब्बाज भट्ट ने कहा- आपने ऐसे होटल में ठहरा दिया है, जहां पांच घंटे बाद खाना मिलता है।