लुधियाना। जल्द ही आप रोजगार्डन, रखबाग और लैय्यर वैली समेत 10 जगहों में घूमने या गपशप के साथ फन, एंटरटेनमेंट और फूड हट्स से खाने-पीने की चीजें भी एंज्वाय कर सकेंगे। शहर के पार्कों की सुंदरता निखारने के लिए निगम ने नई पहल करते हुए इन्हें एम्यूजमेंट पार्क में बदलने की योजना तैयार की है। इसमें पार्कों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) बेसिस पर एम्यूजमेंट पार्क के रूप में डेवलप किया जाएगा। निगम की कोशिश है कि पार्कों की मेंटीनेंस और ब्यूटीफिकेशन में फंड की कमी आड़े न आए, इसके लिए पीपीपी मोड के जरिए मिल-जुलकर इन पार्कों की मेंटीनेंस का समाधान निकल सके। इसके लिए पार्कों में लगे एंटरटेनमेंट और खाने-पीने की हट्स से वहां घूमने वाली पब्लिक से दुकानदारों को कमाई हो सकेगी, वहीं निगम इनसे मंथली या एक साल का किराया लेकर कमाई करेगा। फिर इस पैसे को उसी पार्क की मेंटीनेंस और ब्यूटीफिकेशन पर खर्च किया जाएगा।
पार्क में होंगे मॉडर्न झूले व फूड हट्स
इस स्कीम में निगम एम्यूजमेंट पार्क में मॉडर्न झूले और बढ़िया डिसेज वाली फूड हट्स खोलेगा। तनाव व दौड़-भाग भरी लाइफ से लोगों को थोड़ी देर एंटरटेनमेंट और रोमांच महसूस करवाने के लिए बड़े झूलों के साथ डिज्नीलैंड की तर्ज पर बच्चों के लिए खेलने वाले झूले भी लगेंगे। रेसिंग ट्रैक होगा। निगम को उम्मीद है कि लोग शॉपिंग मॉल्स व बड़ी मार्केट्स के शोर-शराबे की जगह शांत जगह पर एंटरटेनमेंट व खाने-पीने की सुविधा मिलने पर फैमिली के साथ अच्छा एंज्वाय कर सकेंगे।