पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Ludhiana
  • सेक्रेटरी को पता नहीं और लोधी क्लब का स्वीमिंग पूल 70 लाख में हो रहा रिपेयर

सेक्रेटरी को पता नहीं और लोधी क्लब का स्वीमिंग पूल 70 लाख में हो रहा रिपेयर

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना। महानगर के प्रतिष्ठित लोधी क्लब का स्वीमिंग पूल 70 लाख रुपए में रिपेयर हो रहा है, लेकिन क्लब के मौजूदा जनरल सेक्रेटरी जगमोहन जैन को इसकी जानकारी तक नहीं है। यही नहीं, महानगर के दूसरे प्रतिष्ठित सतलुज क्लब में इसी काम के लिये 15 लाख रुपए का एस्टीमेट आया है। लोधी क्लब में स्वीमिंग पूल की फ्लाेरिंग और पूल के बाहर थोड़ा बहुत सिविल वर्क होना है। इसके लिए आर्किटेक्ट ने 40 लाख रुपए का एस्टीमेट दिया था।
जिसे मैनेजमेंट और तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर रजत अग्रवाल ने पास कर दिया। यहां बता दें कि डीसी उक्त दोनों क्लबों के प्रधान होते हैं। कुछ ही दिनों बाद इस एस्टीमेट को 70 लाख रुपए तक पहुंचा दिया गया। इसे डीसी के पास अप्रूवल के लिए भेजा गया। लेकिन उन्होंने इसे रिजेक्ट कर दिया।
बताया जाता है कि स्पोर्ट्स सेक्रेटरी सचिन गोयल के साथ डीसी के नजदीकी जब गए तो उन्होंने इस प्रोजेक्ट को 70 लाख रुपए में पास करवा लिया। इस बारे में जब जनरल सेक्रेटरी जगमोहन जैन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब दो महीने से आउट ऑफ स्टेशन हैं। उन्हें सिर्फ 40 लाख रुपए के एस्टीमेट का पता है बाकी यह एस्टीमेट कब 70 लाख रुपए पहुंच गया इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि एस्टीमेट बढ़ाना ही था तो ओहदेदारों को उनका इंतजार कर लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उनकी गैर मौजूदगी में ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ. गौरव सचदेवा जनरल सेक्रेटरी का भी काम देख रहे हैं। उनसे पूल रिपेयर की लागत बढ़ने की जानकारी हासिल की जा सकती है। डॉ. सचदेवा का जवाब इतना स्पष्ट था कि उसने क्लब की सारी गतिविधियों को संदेह के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया। यानी अपने क्लब के काम को छोड़ दूसरे क्लब का काम उनके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है।
उधर, मंगलवार को सतलुज क्लब के जनरल सेक्रेटरी डॉ. रोहित दत्ता ने नये डिप्टी कमिश्नर रवि भगत से बतौर प्रधान होने के नाते स्वीमिंग पूल की फ्लोरिंग रिपेयर के लिये 15 लाख रुपए के एस्टीमेट पर हस्ताक्षर करवाए। ध्यान रहे कि लोधी क्लब के बहुत से सदस्य सतलुज क्लब के सदस्य भी हैं। इसलिए दोनों क्लबों में 70 लाख रुपए में स्वीमिंग पूल रिपेयर की चर्चा हर सदस्य कर रहा है।
मैं सतलुज क्लब के चुनाव की कैंपेन कर रहा हूं। इसलिए किसी मुद्दे पर बात करने के लिये मेरे पास समय नहीं है।
-डॉ. गौरव सचदेवा, ज्वाइंट सेक्रेटरी और कार्यकारी जनरल सेक्रेटरी
सारा काम नियमों के तहत हो रहा है। एक व्यक्ति के शहर में न होने से काम को रोका नहीं जा सकता। उनकी जगह जनरल सेक्रेटरी डॉ. गौरव सचदेवा और डीसी ने बतौर प्रधान के नाते बढ़े हुए एस्टीमेट पर हस्ताक्षर किए हैं।
-सचिन गोयल, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी
मैंने अभी हाल ही में चार्ज संभाला है। इसकी जांच मैं जल्द ही अपने स्तर पर करवाऊंगा कि रिपेयर पर 70 लाख रुपए कैसे लग रहे हैं। कुछ गलत मिला तो जिम्मेदार ओहदेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। -रवि भगत, डीसी
खबरें और भी हैं...