फर्जी मालिक बन रजिस्ट्री करवाने वाला आरोपी दो साथियों समेत पकड़ा
लुधियाना |गांव लोहारामें एक प्लाॅट का फर्जी मालिक बन रजिस्ट्री करवाने के आरोप में नामजद आरोपी फर्जी बूटा सिंह को पुलिस ने दो साथियों समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से जाली वोटर कार्ड और असली मालिक की फर्द भी बरामद की है। आरोपियों की पहचान प्रीत नगर के रहने वाले दिलबाग सिंह, गांव लोहारा के जसवीर सिंह और गुरुनानक नगर के सुभाष चंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। एसएचओ अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि होशियारपुर के रहने वाले बूटा सिंह नामक व्यक्ति का गांव लोहारा में 110 गज का प्लाॅट है। बूटा सिंह के लुधियाना में रहने के चलते तीनों आरोपियों ने मिलकर साजिश रची और प्लाॅट को अपने नाम करवाने की सोची। जिसके चलते आरोपी दिलबाग सिंह फर्जी बूटा सिंह बनकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सब रजिस्ट्रार ऑफिस में रजिस्ट्री करवाने के लिए चला गया। वहां पर गांव लोहारा का नंबरदार मेवा सिंह ने उसे पहचान लिया तो आरोपी वहां से फरार हो गया था। जिस पर थाना सदर की पुलिस ने सब रजिस्ट्रार की शिकायत पर फर्जी बूटा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने रेड करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।