ग्रेवाल अस्पताल के पास बाइक पर लदा बोरा टैंपो में फंसा, नीचे गिरे युवक की टांग कुचली
लुधियाना |गिल रोडस्थित ग्रेवाल अस्पताल के पास बाइक पर लादकर ले जा रहा बोरा ओवरटेक करते समय टैंपो 709 में फंस गया। जिससे बाइक चालक साइड पर जा गिरा। इस दौरान पीछे बैठा युवक टैंपो से जा टकराया और उसकी दाई टांग से टैंपो गुजर गया। लोगों ने चालक को मौके पर ही काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया। जख्मियों की पहचान मानकवाल गेट स्थित रूप नगर के रहने वाले संतोष कुमार और पन्ने लाल के रूप में हुई है। जबकि टैंपो ड्राइवर संगरूर का चमकौर सिंह है। थाना शिमलापुरी पुलिस ने टैंपो चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हेड कांस्टेबल भुपिंदर सिंह ने बताया कि पन्ना लाल जख्मी हुए युवक संतोष कुमार का रिश्तेदार है। दोनों शुक्रवार की दोपहर एक बजे के करीब बाइक पर सवार होकर गिल नहर पुल से गिल चौक की तरफ जा रहे थे। बाइक को पन्ना लाल चला रहा था और संतोष उसके पीछे बोरा लेकर बैठा था। जब वे ग्रेवाल अस्पताल के पास पहुंचे तो पीछे से खाद से लदा टैंपो लेकर रहे चमकौर सिंह ने उन्हें ओवर टेक करते हुए आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान संतोष के हाथ में पकड़ा बोरा टैंपो में फंस गया और दोनों नीचे गिर गए। पुलिस ने बताया कि जख्मी का इलाज जारी है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।