पहले झगड़ा कर की फायरिंग, फिर बेलचा मार किया जख्मी
{शादी में मामूली बात पर झगड़ा होने के बाद कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर किया हमला
क्राइमरिपोर्टर|लुधियाना
शादीसमारोह में झगड़ा होने के बाद कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी। बाद में उसके घर पर हमला कर तोड़फोड़ करते हुए पूरे परिवार को मारपीट कर जख्मी कर दिया। थाना मेहरबान पुलिस ने गांव चूहड़वाल के रहने वाले लखबीर सिंह की शिकायत पर हीरा सिंह, वीर सिंह, बलकार सिंह, गोकल सिंह, सुच्चा सिंह, महिल सिंह और बलदेव सिंह पर मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी गांव चूहड़वाल के ही रहने वाले हैं। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस को दी शिकायत में लखबीर सिंह ने बताया कि 7 फरवरी को वह जालंधर बाईपास स्थित मल्होत्रा पैलेस में शादी समारोह में गया था। वहां किसी बात पर उसका आरोपियों से झगड़ा हो गया। इसके बाद हीरा सिंह और बलकार सिंह ने रिवाल्वर से उस पर सीधे फायर कर दिए। वह किसी तरह बच कर वहां से भाग निकला। उसके बाद बलकार ने फोन कर उसे धमकी दी कि वह उसके घर पर हमला करने जा रहे हैं। कुछ देर बाद सभी आरोपी इकट्ठे होकर उसके घर आए और तोड़फोड़ करते हुए उसके पूरे परिवार को पीटा उसकी माता को लोहे के बेलचे से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। शोर-शराबा सुन गांव के लोग इकट्ठे होने लगे जिन्हें देख कर आरोपी धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।