लाडोवाल में फिर मिली लाश, गला घोंट कर किया कत्ल
लुधियाना|लाडोवाल केजंगल में 13 दिन पहले मिली सिर कटी लाश का मामला अभी सुलझा नहीं कि शनिवार को कादियां जंगल से एक और व्यक्ति की लाश बरामद हुई है। उसका परने से गला घोंट कर कत्ल किया गया है। लाश के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। थाना लाडोवाल पुलिस ने लाश सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दी है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में पर्चा दर्ज नहीं किया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर किसी राहगीर ने गांव कादियां के पास जंगल में व्यक्ति की लाश देखकर पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। लाश करीब दो-तीन दिन पुरानी बताई जा रही है, गले में परना लिपटा हुआ था। लाश की हालत देख लग रहा है कि कहीं और कत्ल करने के बाद लाश जंगल में फेंकी गई है।
1 जनवरी को लाडोवाल के इलाके गांव मझ फग्गोवाल के जंगल में व्यक्ति की सिर कटी लाश मिली थी। उसकी पहचान बाद में जस्सियां के रहने वाले बॉबी के रूप में हुई थी। अभी तक बॉबी के कातिलों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। थाना लाडोवाल के जांच अफसर एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।