लुधियाना। सिधवां कैनाल के साथ 6 किलोमीटर लंबा नाइट साइकिल ट्रैक का नींव पत्थर सोमवार को इरीगेशन मिनिस्टर शरणजीत सिंह ढिल्लों, मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया और कमिश्नर जीके सिंह रखने जा रहे हैं। पहले चरण में निगम जोन डी दफ्तर से लेकर गिल चौक तक 1.6 किलोमीटर में काम होगा।
इसकी खासियत होगी कि दिन के साथ लोग रात के समय भी साइकलिंग कर सकेंगे। इसके साथ जॉगिंग और पेडस्ट्रीयन पाथ भी तैयार होगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल आर्गेनाइजेशन (फीको) पैसा खर्च करेगी। 6 किमी लंबे साइकिल, जॉगिंग और पेडस्ट्रीयन पाथ को 2.5 साल में पूरा किया जाना है। 5 साल तक इसके रखरखाव कि जिम्मेदारी फीको की होगी। इस मौके पर एवन साइकिल चेयरमैन ओंकार सिंह पाहवा, रालसन इंडिया लिमिटेड चेयरमैन संजीव पाहवा विशेषतौर पर उपस्थित होंगे।
^साइकिल, जॉगिंग और पेडस्ट्रीयन पाथ सिधवां कैनाल से लेकर गिल रोड तक बनाया जाना है। सोमवार को निगम जोन डी दफ्तर के ठीक पीछे मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया और कमिश्नर जीके सिंह इसका नींव पत्थर रखेंगे। एचएसखोसा, एक्सईएन निगम
सिधवां कैनाल के साथ 2.50 फुट जमीन को खाली रखा जाना है। इसके बाद लगभग 35 फुट जमीन खाली बचती है। सिधवां कैनाल के साथ 2.50 फुट खाली जमीन छोड़ने के बाद 10 फुट में जॉगिंग ट्रैक बनेगा। जॉगिंग ट्रैक के साथ ही 2.50 फुट चौड़ा पेडस्ट्रीयन पाथ का निर्माण होगा। इसके बाद 16 फुट चौड़ा साइकलिंग ट्रैक बनेगा। साइकलिंग ट्रैक के बाद 3 फुट जमीन की लैंड स्केपिंग की जाएगी। हर ट्रैक के बीच रेलिंग भी बनाई जाएगी, वहीं हर किलोमीटर के बाद शैल्टर भी बनेगा।
सोमवार को इसका नींव पत्थर रखते ही काम शुरू हो जाएगा। 6 किलोमीटर में बनने वाले इस ट्रैक का निर्माण फीको अपने स्तर पर कर रही है। हम इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 2.5 साल का टारगेट रखकर चले है।
गुरमीत कुलार, प्रेसिडेंट फीको