बठिंडा में ज्यूलरी शोरूम, अस्पतालों में इनकम टैक्स, कस्टम के छापे
बठिंडा | इनकमटैक्स और कस्टम डिपार्टमेंट की लुधियाना, चंडीगढ़ और जम्मू से आई टीम ने अस्पताल बाजार स्थित रॉयल ज्यूलर और पावर हाउस रोड िस्थत जिंदल हार्ट इंस्टीट्यट अस्पताल और टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के आधा दर्जन ठिकानों पर वीरवार सुबह छापे मारे। सुबह आठ बजे शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी थी। इन संस्थानों से नकदी, जेवर और अन्य कई दस्तावेज मिले हैं। करीब 24 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है।
आयकर निदेशक के नेतृत्व में टीम में 14 अफसर और 70 पुलिस मुलाजिम शामिल थे। आयकर विभाग के अनुसार रॉयल ज्यूलर से खरीदे गए गोल्ड, डायमंड सिल्वर के बिलों की जानकारी मांगी गई है। विभाग का मानना है कि दस करोड़ के करीब सामान का अभी तक खुलासा हुआ है। कई सामान बिना बिल के खरीद कर सरकार को मोटा चूना लगाया गया है। इस बारे में सर्च अभी जारी है।
जिंदल हार्ट अस्पताल में ओपीडी और ऑपरेशन की जानकारी तो मिली लेकिन मरीजों से कितनी फीस ली गई इसके बारे में सही जानकारी नहीं दी गई। विभाग को शक है कि अस्पताल से संचालित टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर में भी मोटी राशि वसूल कर ट्रीटमेंट दी जा रही है, लेकिन इस फीस के बारे में सही जानकारी नहीं दी गई है। इसमें करोड़ों रुपए के टैक्स चोरी का खुलासा हो सकता है। आरंभिक जांच में करीब 14 करोड़ तक के आयकर की जानकारी नहीं होने का खुलासा हुआ है।