लुधियाना। पहले लोगों को फ्री नशा बांटकर उन्हें लत लगाकर बाद में दोगुने दाम पर नशा बेचने वाले एक तस्कर को थाना शहीद भगत सिंह नगर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से आधा किलो अफीम बरामद की है। आरोपी की पहचान पंजाब माता नगर के रहने वाले हरजोत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच अफसर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी उक्त आरोपी पहले लोगों को फ्री में अफीम का नशा करवाता है और बाद में उन्हें दोगुणे दाम में बेचता है। सूचना पर पुलिस ने आरोपी के घर पर रेड की। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। लेकिन मुलाजिमों ने उसे भागते हुए काबू कर लिया।
गुड़ मिलाकर करता था सप्लाई : जांच अफसर ने बताया कि आरोपी यूपी से सस्ते भाव में अफीम लेकर आता था। बाद में अफीम में बोर्न वीटा और गुड़ मिलाकर उसे दोगुना करके सप्लाई करता था। जांच अफसर ने बताया कि आरोपी किससे अफीम लेकर आता था और किन्हें सप्लाई करता था। उन लोगों को कुछ नाम सामने आए हैं।
पहले भी पुलिस ने की थी रेड तो आरोपी भाग गया था
एसएचओ कमलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी पिछले काफी समय से अफीम की तस्करी कर रहा है। कुछ समय पहले भी पुलिस को जब आरोपी द्वारा तस्करी करने की सूचना मिली तो रेड की गई। लेकिन आरोपी पुलिस के आने की सूचना मिलने पर पहले ही शहर छोड़कर भाग गया था। करीब सात महीने पहले आरोपी वापिस लुधियाना गया और दोबारा तस्करी करने लगा।