टीटी से बचकर भाग रहे यात्री के धक्के से गिरी स्टूडेंट का कटा पैर
टीटीको देख भाग रहे व्यक्ति के कारण ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी डीएवी कॉलेज की स्टूडेंट 19 साल की रिया धक्का लगने से प्लेटफार्म पर गिर गई। इससे उसका पैर ट्रेन पर प्लेटफार्म के बीच में फंस कट गया। उसे रेलवे मुलाजिम संत राम सिविल अस्पताल लेकर गए, वहां से उसका परिवार लुधियाना ले गया।
लुधियाना के फील्डगंज की रहने वाली रिया नारंग ने बताया कि वह डीएवी कॉलेज यूनिवर्सिटी में बीएससी केमिस्ट्री की स्डूडेंट है। वह रोजाना ट्रेन से अप-डाउन करती है। उसका पास बना हुआ है। रिया ने कहा कि सुबह लुधियाना से टाटा मूरी ट्रेन में वह सिटी स्टेशन रही थी। जालंधर स्टेशन आने पर वह दरवाजे के पास आकर खड़ी हो गई। इतने में पीछे से एक घबराया हुआ व्यक्ति आया ओर बोला कि उसके पास जनरल डिब्बे का टिकट है और वह गलती से रिजर्वेशन में गया है। टीटी ने उसको देखा, तो जुर्माना काट देगा। रिया ने कहा कि व्यक्ति ने उसको किनारे पर होने के लिए कहा, अभी वह किनारे पर हो ही रही थी कि टीटी से बचने के चक्कर में व्यक्ति एकदम ट्रेन से उतर गया। उसका कंधा उतरते समय उसको लग गया। रिया ने कहा कि इससे वह स्टेशन पर पड़े पार्सलों के पास गिर गई और उसका दायां पैर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस पिचक गया।
स्टेशन पर रेलवे की गेट रैली कर रहे रेलवे अकाउंट ऑफिस में तैनात क्लर्क संत राम ने जब रिया को देखा, तो वह रैली छोड़ रिया को उठाने के लिए गए। एंबुलेंस को बुला वह उसको लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे और उसके मोबाइल से पिता बलविंदर सिंह को कॉल कर घटना के बारे बताया। सुबह 10:30 बजे रिया को जालंधर सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया। पैर कटने के अलावा रिया का बाया कंधा भी फ्रेक्चर हो गया। करीब 11:30 बजे रिया का परिवार आकर उसको लुधियाना ले गया।
वहीं जीआरपी थाने के एसएचओ धरमिंदर कल्याण ने कहा कि जीआरपी पुलिस के बयान लेने से पहले ही रिया का परिवार उसको लेकर चला गया। परिवार किस हॉस्पिटल में ले गया है, इसके बारे में भी उनको पता नहीं है।
जख्मी रिया को हॉस्पिटल लेकर जाते रेलवे मुलाजिम संतराम और अन्य। फोटो: भास्कर