शहीद-ए-आजम भगत सिंह पंजाब गेम्स का आगाज 14 से, खेतीबाड़ी मंत्री करेंगे उद्घाटन
स्पोर्ट्स रिपोर्टर|लुधियाना
पंजाबमें 14 से 19 फरवरी तक होने वाली शहीद-ए-आजम भगत सिंह गेम्स के हैंडबाल, बास्केटबाल, साइक्लिंग और फुटबॉल मुकाबले लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में करवाए जा रहे हैं। लुधियाना में गेम्स का उद्घाटन 14 फरवरी सुबह 11 बजे खेतीबाड़ी मंत्री तोता सिंह करेंगे। 19 को समापन पर सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों चीफ गेस्ट और लुधियाना पूरबी विधायक रणजीत सिंह ढिल्लों विशेष मेहमान होंगे। इसे लेकर बुधवार को स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट पंजाब के डायरेक्टर राहुल गुप्ता ने गुरु नानक स्टेडियम में प्रेस कांफ्रेंस की। इन्होंने बताया कि लुधियाना, जालंधर, पटियाला, अमृतसर, मोहाली, संगरूर, बठिंडा, आनंदपुर साहिब में होने वाले अल अलग 22 खेल मुकाबलों में 7000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। लुधियाना में 1850 खिलाड़ी (1000 लड़के, 850 लड़कियां) भाग लेंगे। खेलों का कुल बजट 7.5 करोड़ रुपए रखा गया है। पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 25000 रुपए, दूसरे स्थान वाले को 17 हजार और तीसरे स्थान वाले को 12 हजार रुपए इनाम मिलेगा। डोप टेस्ट के लिए 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। जिसके लिए नाडा की टीम कभी भी सकती है। अगर कोई खिलाड़ी डोप टेस्ट के घेरे में आता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसी और उनके द्वारा नियुक्त अधिकारी खिलाडिय़ों की देख रेख पर निगरानी रखेंगे।