श्री माछीवाड़ा साहिब । नहर में कार गिरने से अपनी माताओं समेत तीन घरों के इकलौते चिराग बुझ गए। नवांशहर से शादी की खुशियां मना लौट रहे हंसते-खेलते परिवारों पर चंद मिनटों में दुखों का पहा़ड़ टूट पड़ा। मरने वाली महिलाओं के नाम मनप्रीत कौर पत्नी जगतार सिंह और राजविंदर कौर पत्नी जसजीत सिंह हैं, जबकि नहर में बहकर लापता होने वाली महिला का नाम गुरप्रीत कौर पत्नी दलवीर सिंह और बच्चों के नाम कुशलवीर सिंह, मनकीरत सिंह और कमलप्रीत सिंह हैं।
माछीवाड़ा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में दाखिल दलवीर सिंह
हादसे में मौत के मुंह से बचकर निकलने वाला कार ड्राइवर दलवीर सिंह माछीवाड़ा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में दाखिल है। वह 5-5 मिनट के बाद बेड से उठकर अपनी पत्नी गुरप्रीत कौर और लाडले बेटे कुशलवीर सिंह(1 साल) को ऊंची-ऊंची आवाजें मारता रहा। डॉक्टरों को उसे इंजेक्शन लगाकर सुलाना पड़ रहा है। मनप्रीत कौर और गुरप्रीत कौर की मां गुरमीत कौर रोते हुए बेसुध होकर गिर पड़ी। दलवीर के ससुर हरदेव सिंह और साढू जगतार सिंह भी आंसुओं से भीगी पलकों में पुलिसिया कार्रवाई को आगे बढ़ाते रहे।
सरहदों पर तैनात राजविंदर कौर का पति जसजीत सिंह भी सूचना मिलते ही कर्नाटक से चल पड़े थे। वह मंगलवार तक आ जाएंगे। उनके आने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी खन्ना गुरप्रीत सिंह गिल, डीएसपी समराला जगविंदर सिंह चीमा भी मौके पर पहुंच गए थे। डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल के पास खतरनाक मोड़ है। दलवीर सिंह की कार काफी तेज थी। सामने से भी तेज रफ्तार कार आई।
जिसके कट मारने से ऑल्टो कार का संतुलन बिगड़ गया और दलवीर से कार कंट्रोल न होने कारण नहर में गिर गई। माछीवाड़ा थाना एसएचओ सिकंदर सिंह ने कहा कि मृतक राजविंदर कौर का पति जसजीत सिंह सेना में है। वह मंगलवार तक पहुंच जाएगा। इस लिए दोनों लाशों को सिविल अस्पताल समराला में रखवाया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद लाश वारिसों के हवाले किए जाएंगे। बाकी तीनों बच्चे और महिला की तलाश जारी है।