लुधियाना । संविधान निर्माता डॉ.बीआर अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में पंजाब कांग्रेस राज्य स्तरीय समारोह 15 और 16 फरवरी को लुधियाना में करवा रही है। सेलिब्रेशन कमेटी के चेयरमैन के तौर पर प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह खास मेहमान रहेंगे। जबकि कमेटी के कंवीनर बतौर कांग्रेस के एससी डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन डॉ. राजकुमार चब्बेवाल समारोह की कमान संभालेंगे।
इसी सिलसिले में सूबे का दौरा कर रहे डॉ. राजकुमार ने बताया कि इस समारोह में प्रदेश की दलित और पिछड़ी जातियों से संबंधित सभी संस्थाआें के नुमाइंदे हिस्सा लेंगे। दो दिवसीय समारोह के दौरान दलित और पिछड़ समाज के मौजूदा हालात पर गहन चर्चा होगी। जिसमें बताया जाएगा कि डॉ.अंबेडकर द्वारा दलितों को दिलाए अधिकारों की मजबूती के लिए क्या करने की जरुरत है। इस मौके पर उन सभी दलित और पिछड़े प्रतिनिधियों को न्यौता दिया गया है, जो पंचायत, समिति और जिला परिषद और नगर कौंसिल व निगम के चुनाव लड़ चुके हैं। कांग्रेस एससी डिपार्टमेंट के आेहदेदारों की राज्य स्तरीय तैयारी मीटिंग के दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दलित-पिछड़े समाज के जिन प्रतिनिधियों से संपर्क नहीं हो सका है और वे समारोह में आने के इच्छुक हैं तो कांग्रेस स्टेट कमेटी और एससी डिपार्टमेंट से तालमेल कर सकते हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि डॉ.अंबेडकर के सपनों के भारत का निर्माण करने के लिए कड़ी मेहनत की जरुरत है। मौजूदा समय कुछ साजिश रचने वाले तत्व दलित समाज में फूट डालने में लगे हैं, उनके मनसूबों को एकजुटता से असफल करना होगा। तभी दलित भाईचारे के पूर्ण उत्थान का कल्पना कर सकते हैं। इस राज्य स्तरीय समारोह का मुख्य मकसद दलित भाईचारे की एकता को मजबूत करना ही है। इस मौके पर एससी डिपार्टमेंट के स्टेट को-चेयरमैन जंग बहादुर, वाइस चेयरमैन चौधरी रविंदर के. रोजी, राजिंदर कौर मिमसा, राजेश रिंकू व परमजीत कौर की खास मौजूदगी रही। इनके अलावा कंवीनर रमेश जिम्मी बराड़, हुसन लाल, राजविंदर सिंह बल्लोमाजरा, दर्शन सिंह सहोता, पवन कुमार, एकता भगत, कुलवंत सिंह, हरबंस सिंह व राजू सहोता और अजीत पाल सिंह रोपड़ भी मौजूद थे।