लुधियाना। चंडीगढ़ रोड पर बेअंतपुरा गली नंबर एक में स्थित पुनीत वूलन मिल की तीन मंजिला बिल्डिंग में रविवार तड़के पांच बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। दूसरी मंजिल पर लगी आग ने चंद मिनटाें में पूरी बिल्डिंग चपेट में ले ली। वहां के वर्करों ने खिड़की से बाहर कूद कर जान बचाई।
इस दौरान एक हैंडीकैप वर्कर बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आग लगने के 15 घंटे बाद शाम के 8 बजे तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। आग बुझाने की कोशिश में लुधियाना, खन्ना, समराला समेत कई जगह से मंगवाए गए फायर ब्रिगेड के करीब 150 टेंडर खाली हो चुके थे। आग की तपिश से फैक्टरी के पीछे बने 7 घरों में दरारें आ गईं।
देर शाम तक इन घरों में रहने वाले सभी परिवार सामान बाहर निकाल कर गली में बैठे थे। आग लगने से हुए नुकसान की कीमत करोड़ों रुपए में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पुनीत होजरी में जैकेट, ट्रैक सूट, टी-शर्ट समेत कई तरह के गारमेंट्स तैयार होते हैं।