लुधियाना । गिल रोड के इलाके में एनआरआई महिला के मकान पर कब्जा करने की कोशिश और चोरी करने के आरोप में थाना सदर की पुलिस ने गांव गिल के दिलप्रीत सिंह और उसकी पत्नी गुरदीप कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों के खिलाफ कनाडा की बलविंदर कौर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में एनआरआई महिला ने बताया कि गिल गांव में उसका मकान है जिसे उसने आरोपी को किराए पर दिया था। जब इंडिया वापस आई तो आरोपी को मकान खाली करने को कहा तो आरोपी ने झगड़ा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने इस मामले को लेकर कोर्ट में केस कर दिया और मकान पर कब्जा करने की कोशिश की। आरोपी ने उसके कमरे में रखे बेड में से एक सोने की अगूंठी और चांदी की चार चूड़ियां चोरी कर लीं और जान से मारने की धमकियां देने लगा। सब इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सरपंच के घर शादी में अकाली समर्थकों ने चलाई गोली
गांव रायपुर में शनिवार रात को शादी की जागो के दौरान गोली चल गई जो अंतर सिंह के कंधे में लगी। सुखदेव सिंह के बेटे गुरजीत के घर शादी थी। गुरजीत सिंह की मां गांव की सरपंच है और कांग्रेस समर्थित है। उनकी अकाली नेता से चुनावी रंजिश है। जागो निकालते समय रात करीब 10 बजे कुछ लोगों ने हथियारों के साथ हमला बोल दिया और गाड़ियों की तोड़फोड़ कर डाली। आरोप है कि जाते समय वह एक बंदूक, 50 हजार, 10 तोले सोना और एक मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। जौड़कियां पुलिस ने सुखदेव सिंह के बयान पर अकाली नेता अजायब सिंह, सौदागर सिंह, बणांवाली के मोहना सिंह और 7-8 नामालूम लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।