लुधियाना। मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया की ओर से 18 फरवरी को बुलाई जाने वाली हाउस मीटिंग में रखे जाने वाले कई अहम प्रस्तावों के विरोध से बचने को वीरवार को कौंसलर्स को एजेंडा जारी किए बिना ही ऑल पार्टी कौंसलर्स मीटिंग बुला डाली। इस मीटिंग में शामिल हुए कौंसलर्स को एजेंडा पढ़ने को तो दिया गया, लेकिन मीटिंग खत्म होने के बाद इसे घर ले जाने की इजाजत नहीं दी गई।
जबकि ऑल पार्टी कौंसलर्स मीटिंग से पहले ही कौंसलर्स को एजेंडा सर्व कर दिया जाता है ताकि मीटिंग में इन पर चर्चा हो सके। मीटिंग में किसी भी प्रस्ताव को लेकर काेई सहमति तय नहीं की गई और अब सीधे हाउस मीटिंग दौरान ही मीटिंग के एजेंडे को फाइनल किया जाएगा। इस एजेंडे में शहरवासियों पर वॉटर मीटर पॉलिसी लागू करना और जनता नगर स्कीम को री-मॉड्यूल के जरिए उक्त एरिया को इंडस्ट्रियल घोषित करना जैसे कईं अहम प्रस्ताव शामिल हैं। फिलहाल अभी इस एजेंडे में 18 प्रस्ताव रखे गए हैं और अगले दिनों में इनकी संख्या बढ़कर 22 के करीब होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मीटिंग के बाद कांग्रेसी कौंसलर्स ने साफ कह दिया कि इस एजेंडे पर कई तरह के एतराज हैं और हाउस की मीटिंग में इनकी पोल खोली जाएगी। मीटिंग में सीनियर डिप्टी मेयर सुनीता अग्रवाल, जगबीर सिंह सोखी, तनवीर सिंह धालीवाल, विपक्षी नेता हेमराज अग्रवाल, राकेश पराशर, संजय तलवाड़, इंद्र अग्रवाल, रघुवीर सिंह बीरा व अन्य कौंसलर मौजूद थे।
केवल देखने को दिया एजेंडा
मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया के पिछले करीब तीन साल के कार्यकाल में अगले बुधवार को होने वाली हाउस मीटिंग के लिए नया तरह का फॉर्मूला अपनाया गया है। इससे पहले हाउस की मीटिंग से 72 घंटे पहले एजेंडा सभी कौंसलर्स को सर्व करने के बाद एजेंडे पर विचार विमर्श को ऑल पार्टी कौंसलर मीटिंग बुलाई जाती रही है। लेकिन पहली बार एजेंडा सर्व करने से पहले ये मीटिंग बुला ली गई। मीटिंग में भी एजेंडा कौंसलर्स को केवल देखने के लिए दिया गया और मीटिंग खत्म होते ही ये एजेंडा उनसे ले लिया गया। गोहलवड़िया ने किसी प्रस्ताव पर कौंसलर्स से सहमति तक नहीं बनाई। पहले ये मीटिंग आगामी सोमवार को बुलाई जानी थी, लेकिन कुछ नए प्रस्ताव शामिल किए जाने के चलते अब ये मीटिंग दो दिन आगे बढ़ा कर बुधवार की कर दी गई है।