लुधियाना। डीटीओ आॅफिस में आने वाले लोगों को झांसा देकर फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों की रजिस्ट्रेशन देने के आरोप में थाना शहीद भगत सिंह नगर की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में उस समय आया जब आरोपी ने एक पुलिस मुलाजिम से लाइसेंस बनाने के लिए पैसे ले लिए और उसका लाइसेंस भी बना कर नहीं दिया।
जिस पर पुलिस ने आरोपी के बारे में जांच शुरू की तो उसके डीटीओ बनकर लोगों के ठगने का खुलासा हुआ। भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया तो पुलिस ने ट्रैप लगा कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी डीटीओ बन कर लोगों को 1500 रुपए में ड्राइविंग लाइसेंस और 2000 रुपए में रजिस्ट्रेशन की कॉपी देता था। आरोपी रखविंदर सिंह उर्फ रिंकू कुंदनपुरी का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने फर्जी मोहरों से दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी से 3 फर्जी लाइसेंस, 2 डीटीओ आॅफिस की मोहरें, 3 लेटर पैड, लेपटॉप, प्रिंटर व अन्य सामान बरामद किया है।
आरोपी 12वीं पास है और उसके पिता ऑटो ड्राइवर
एसीपी रुपिंदर कौर सरां ने बताया कि आरोपी 12वीं पास है और उसके पिता ऑटो ड्राइवर हैं। आरोपी पहले कचहरी में किसी के पास नौकरी करता था। 2 साल पहले उसने डीटीओ आॅफिस के निकट अपना ही काम शुरू कर दिया था। आरोपी लोगों को जल्दी लाइसेंस बनाने का कह कर फंसा लेता था। आरोपी लैपटाप से ग्राहकों को लाइसेंस तैयार कर थमा देता था। आरोपी ने कबूल किया है कि अभी तक 40 से अधिक लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन कापियां बना कर सप्लाई कर चुका है। आरोपी के अन्य साथियों को लेकर भी पता लगाया जा रहा है। आरोपी लोगों को जो लाइसेंस या अन्य दस्तावेज बना कर देता था उसका डिपार्टमेंट के पास कोई भी रिकॉर्ड जमा नहीं करवाता था। यहां तक कि जरूरत पड़ने पर आरोपी डीटीओ आॅफिस का लेटरपैड लेकर वाहन चालक को उस पर सर्टिफिकेट बना कर जारी कर देता था। जिस पर डीटीओ के साइन भी खुद ही कर देता था। आरोपी से बरामद लैपटॉप व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की जांच कर डाटा निकलवाया जाएगा ताकि पता चल सके कि आरोपी ने किन-किन लोगों को फर्जी दस्तावेज तैयार कर दिए हैं। मोहरों को लेकर भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस डिपार्टमेंट से गिरफ्तार हुए युवक द्वारा जारी किया गया डाटा लेकर जांच की जाएगी। इसके आधार पर फर्जी ड्राइविंग लाइसेंसों व रजिस्ट्रेशन कापियों का पता लगा कर कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी ने पता होने पर भी फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया होगा तो भी उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
-दलविंदरजीत सिंह, डीटीओ