मोबाइल छीनने का विरोध करने पर मारी गोली
बुधवारदेररात राहों रोड की इंद्रा कॉलोनी में नकाबपोश लुटेरों ने मोबाइल लूटने का विरोध करने पर युवक पर गोली चला दी। गोली उसके हाथ से आरपार होते हुए छाती पर जा लगी। जिसे आसपास के लोगों ने इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जख्मी की पहचान मंसूर आलम के रूप में की गई। पता चलते ही पीसीआर दस्ता 77 पर तैनात मुलाजिम अमर हरप्रीत मौके पर पहुंच गए। थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।
मंसूर के मकान मालिक सुरेश ने बताया कि मंसूर कपड़ा बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता है। वह रात में 10.30 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर ही टहल रहा था कि बदमाशों ने गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर वह बाहर निकला तो देखा कि घर से कुछ दूरी पर मंसूर जख्मी हालत में पड़ा था। उसके हाथ छाती पर जख्म था। जख्मी मंसूर ने बताया कि एक्टिवा पर सवार दो नकाबपोश युवक आए। पहले उन्होंने गली में चक्कर लगाया। फिर पीछे बैठे युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया।
उसने मोबाइल छीनने का विरोध किया और वह उन्हें पकड़ने के लिए उनके पीछे भी गया। इतनी देर में एक्टिवा चला रहे युवक ने अपने पीछे बैठे युवक को गोली चलाने के लिए कहा। जिस पर उसने फायर कर दिया। जांच अफसर ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। मंसूर के बयान पर ही मामला दर्ज किया जाएगा। इलाके में सीसीटीवी फुटेज को लेकर जांच की जा रही है।
नकाबपोश बदमाशों द्वारा मारी गई गोली से जख्मी हुआ मंसूर आलम।
राहों रोड की इंद्रा कॉलोनी में नकाबपोश लुटेरों ने की वारदात