लुधियाना। बिहार से गांजा लाकर पंजाब के अलग-अलग शहरों में सप्लाई करने के आरोप में सीआईए जीआरपी ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से दस किलो गांजा बरामद किया है। आरोपी संजय मेहतो बिहार का रहने वाला है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सब इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम प्लेटफार्म नंबर 2 और तीन पर गश्त कर रही थी। उक्त आरोपी ने पुलिस मुलाजिमों को देखकर प्लेटफार्म से उतरकर सीधे ट्रैक क्रॉस करते हुए दूसरे प्लेटफार्म पर जाने लगा। शक होने पर जब उसे रोककर सामान की तलाशी ली गई तो उसमें से दस किलो गांजा मिला। आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह अमृतसर में रिक्शा चलाता है। साथ ही बिहार से नशा लाकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करता है। दो-तीन महीने के बाद चक्कर लगाता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।