(जगराओं में युवक द्वारा सुसाइड करने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अफसर।)
लुधियाना/जगराओं। पुलिस केस से परेशान जगराओं के रहने वाले एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवक की पहचान रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह माता चिंतपूर्णी मंदिर के पास रहता था। वारदात के दौरान घर में युवक अकेला था। उसकी पत्नी भुपिंदर कौर लोगों के घरों से प्रेस करने के लिए कपड़े इकट्ठा करने गई हुई थी।
रंजीत की पत्नी ने बताया कि वह जब घरों से कपड़े इकट्ठा कर लौटी तो देखा कि उसका पति पंखे के साथ फंदे पर लटका हुआ था। उसने इस बारे में तुरंत थाना सिटी की पुलिस को जानकारी दी। वारदात की जानकारी मिलने के एसपी गुरसेवक सिंह, डीएसपी डी नवीन कुमार, डीएसपी हरिंद्रपाल सिंह परमार, थाना सिटी प्रभारी मोहम्मद जमील मौके पर पहुंचे और लाश को नीचे उतरवाया। इस बारे में रंजीत के भाई मोनू ने बताया कि उसके खिलाफ पुलिस जिला लुधियाना देहात की एक पुलिस चौकी के प्रभारी ने नशीले पाउडर का मामला दर्ज किया हुआ था। लेकिन वह पाउडर उसके पास नहीं था। उस पर दर्ज इस झूठे मामले के कारण उसे जेल जाना पड़ा।
अब वह जमानत पर था। पुलिस केस में डाले गए नशीले पाउडर की जांच रिपोर्ट उसके खिलाफ गई। जिसके चलते उसे फिर से जेल में जाना पड़ा था। इससे परेशान होकर उसके भाई ने फंदा लगा लिया।
सुसाइड नोट खोलेगा राज
वारदात से पहले रंजीत ने एक सुसाइड नोट लिखकर अपने पास छोड़़ गया है। सुसाइड नोट से ही पता चलेगा कि उसने क्यों सुसाइड किया। इस बात को लेकर जब थाना प्रभारी मोहम्मद जमील से बात की गई तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इस बारे में हम अभी कुछ नहीं बता सकते। अभी छानबीन चल रही है।