‘युकां प्रधान के लिए जोड़तोड़ बंद हो\'
अगरकांग्रेस में गुटबाजी बंद करनी है तो सबसे पहले पार्टी को यूथ प्रधान के चुनाव को होने वाली चुनावी जंग को बंद करना होगा। ये बात केंद्र में कांग्रेस की हार का मंथन करने को आए कांग्रेस के राष्ट्रीय सेक्रेट्री पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी को हारे जीते विधायकों ने एकजुट होकर कही।
उन्होंने कहा कि इस चुनावी प्रक्रिया में पार्टी के युवा नेता तीन तीन गुटों में बंट जाते हैं और एक गुट का प्रधान चुने जाने पर दो गुट के युवा कार्यकर्ता नाराज होकर घर बैठ जाते हैं। हरीश चौधरी संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए स्थानीय सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुरप्रीत गोगी की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग लेने को आए थे। मीटिंग में लुधियाना से संबंधित हारे और जीते विधायकों, पार्षदों, जिला, ब्लॉक और वॉर्ड स्तर के ओहदेदारों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और अन्य फ्रंटल संगठनों के ओहदेदारों के साथ विचार विमर्श किया गया। मीटिंग में वॉर्ड और बूथ स्तर पर वर्कशापों के माध्यम से वर्करों को ट्रेनिंग देने, स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को मान सम्मान देने, हर चुनाव में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने, युवा कांग्रेस सहित अन्य फ्रंट मजबूत करने की जोरदार वकालत पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने की। पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने सभी सुझावों पर गौर करते हुए कार्यकर्ताओं की भावनाओं को विस्तार सहित कांग्रेस हाइकमान तक पहुंचाने का भरोसा देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने कि लिए कार्यकर्ताओं की तरफ से दिए हर सुझाव पर विचार करके उनकी भावनाओं की कद्र करेगा।