लुधियाना. मंडी से सब्जी लेने गए दंपति ने जब सेब लेने से मना किया तो रेहड़ी वाले ने उन पर दातर से हमला कर दोनों को जख्मी कर दिया। जख्मी दंपति ने शोर मचाया तो आरोपी धमकाते हुए फरार हो गया। जख्मियों को आसपास के लोगों ने सीएमसी अस्पताल पहुंचाया।
इस बारे में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने सलेम टाबरी के मोहल्ला फतेहगढ़ के रहने वाले सन्नी अरोड़ा की शिकायत पर गुरु नानक नगर के सुनील दत्त के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई सोमनाथ ने बताया कि सन्नी सहोता अपनी पत्नी के साथ सलेम टाबरी स्थित पुरानी सब्जी मंडी से सब्जी की खरीदने गए थे। मंडी के बाहर रेहड़ी पर सुनील दत्त सेब बेच रहा था।
सन्नी जब मंडी में इंटर करने लगे तो सुनील ने उन्हें सेब लेने के लिए कहा। लेकिन सन्नी ने मना कर दिया और मंडी में चला गया। जब सन्नी सब्जी खरीदने के बाद मंडी से बाहर आया तो सुनील ने दोबारा उसे सेब लेने के लिए कहा। सन्नी की पत्नी द्वारा मना करने पर सुनील उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। सन्नी के विरोध करने पर सुनील ने दातर से उन पर हमला कर दिया। दंपति को जख्मी करने के बाद सुनील मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।