श्री गीता मंदिर में सत्संग समारोह
लुधियाना| पक्खोवालरोड श्री गीता मंदिर विकास नगर में आयोजित नवरात्र समारोह के दौरान विशेष रूप से पहुंची भक्ति योग फाउंडेशन की प्रमुख सुश्री गायत्री ने सत्संग करते हुए कहा कि मां का नाम लेना ही काफी है। मां के स्वरूप में ही संपूर्ण ब्रह्मांड समाया हुआ है। नवरात्र के दिनों में हम मां के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा अर्चना करते है तथा यह नवरात्र सबसे पवित्र माने जाते है। सच्चे मन से पूजन करने वाले की मां हर मनोकामना पूर्ण करती है तथा वह भव सागर पार कर जाता है। इससे पूर्व मंदिर में पहुंचने पर प्रबंधक कमेटी के महासचिव प्रदीप ढल्ल अन्य सदस्यों ने सुश्री गायत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर श्री प्रदीप ढल्ल मंदिर कमेटी की ओर से भ्रूण हत्या के खिलाफ चलाए गए अभियान की प्रशंसा करते हुए सुश्री गायत्री ने कहा कि बेटियों को संसार में आने दो। बेटी से ही संसार का अस्तित्व है।
इस अवसर पर सुश्री गायत्री ने मंदिर परिसर में बेटी बचाओ अभियान के तहत रखे हुए हस्ताक्षर बोर्ड को बेटी बचाने की अपील संबंधी हस्ताक्षर किए। महासचिव प्रदीप ढल्ल ने बताया कि मंदिर में नवरात्र के मौके पर 21 हजार दर्शनीय मोतियों से निर्मित मां दुर्गा की सुंदर मूर्ति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।