- Hindi News
- ढोंगी बाबा ने रिटायर्ड प्रोफेसर महिला को धोखे से लूटा
ढोंगी बाबा ने रिटायर्ड प्रोफेसर महिला को धोखे से लूटा
फील्डगंज स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के पास एक ढोंगी बाबा ने अपनी साथी महिला और एक व्यक्ति के साथ मिलकर रिटायर्ड प्रोफेसर महिला को धोखे से लाल पत्थर दिखाकर उसके गहने उतरवा लिए। महिला को होश आने पर बाबा अपने दोनों साथियों समेत मौके से फरार हो गया और अपने साथ प्रोफेसर महिला के दो सोने के कड़े और एक अंगूठी ले गया। महिला ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने अग्र नगर की रहने वाली बलवीर कौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एएसआई गुरमोहन सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता बलवीर कौर रिटायर्ड प्रोफेसर है। वह 12 दिसंबर को अपनी एक अन्य साथी महिला सुरिंदर कौर के साथ कार में सवार होकर गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में माथा टेकने के लिए गई थी। इसी दौरान जब वह माथा टेक कर वापिस कार की तरफ जा रही थी, तो एक पगड़ीधारी व्यक्ति उनके पास आया और किसी डेरे के बारे में पूछने लग गया। महिला ने उसे गुरुद्वारा प्रबंधकों से डेरे के बारे में पूछने की बात कही। बाद में उक्त व्यक्ति डेरे से चला गया। जब बलवीर और सुरिंदर पुल के पास पहुंची तो वहां पर उसे एक महिला और एक अन्य व्यक्ति मिला। जिन्होंने कहा कि आपको जो पगड़ीधारी व्यक्ति पहले मिला था वह कंबली बाबा है। जो बहुत शक्तिशाली है। इसी दौरान उक्त पगड़ीधारी बाबा बलवीर के पास आया और दोनों को पुल के नीचे ले गया। जहां जाकर बाबा ने बलवीर और सुरिंदर को एक लाल पत्थर देखने के लिए कहा। जब वह लाल पत्थर देख रही थी, तो बाबा ने एक रुमाल रखकर दोनों को कहा कि वह अपने सारे गहने उतार दे। इसी दौरान बलवीर ने अपने हाथ में पहने दोनों सोने के कड़े उतार दिए और सुरिंदर ने भी अपना लोहे का कड़ा उतार दिया। बाबा ने सुरिंदर को उसका कड़ा वापस कर दिया, जबकि बलवीर के गहने नहीं दिए। इसी दौरान अचानक दोनों बेसुध हो गई और बाबा अपनी साथी महिला और अन्य साथी समेत रूमाल में रखे गहने ले फरार हो गया।