पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इमरजेंसी ओपीडी में लगेगा हूटर सिस्टम

इमरजेंसी ओपीडी में लगेगा हूटर सिस्टम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रातके समय झगड़ा करके आने वाले नशे में धुत्त कई लोग मेडीको लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) कटवाने के लिए इमरजेंसी ओपीडी में तैनात डॉक्टर और स्टाफ से भी मिसबिहेव करने लगते हैं। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए इमरजेंसी में हूटर सिस्टम लगाने की तैयारी चल रही है। ताकि उसके बजते ही हॉस्पिटल में ड्यूटी पर तैनात पूरा स्टाफ इमरजेंसी में पहुंच जाए। इसके साथ ही हॉस्पिटल की सुरक्षा के लिए सोमवार को एसीपी सेंट्रल के साथ मीटिंग भी की जाएगी।

सीनियर मेडिकल अफसर (एसएमओ) डॉ. परमिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि रात के समय झगड़ा करके इमरजेंसी ओपीडी में पर्चा कटवाने के लिए आने वाले कई लोग ड्यूटी पर तैनात ईएमओ और स्टाफ के साथ मिसबिहेव करने लगते हैं। ऐसे लोगों को कंट्रोल में करके पुलिस को सौंपने के लिए इमरजेंसी में जल्दी ही हूटर सिस्टम लगाया जाएगा। ताकि अगर कोई व्यक्ति मिसबिहेव करता है तो ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के लोग इसे बजा सकें। इसके बजने से जहां हॉस्पिटल स्टाफ इकट्ठा हो जाएगा, वहीं, पुलिस चौकी पर तैनात मुलाजिम भी इमरजेंसी में आकर हुड़दंग मचाने वालों को काबू कर सकेंगे।

एसएमओ ने बताया कि हॉस्पिटल की सिक्योरिटी सबसे बड़ा चैलेंज है, क्योंकि इसके चारों तरफ छोटी दीवारें है। आसपास के आवारा किस्म के युवक इनके ऊपर से कूदकर हॉस्पिटल में घुस आते हैं और चोरी जैसी वारदात को अंजाम देते हैं। सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए सोमवार को एसीपी सेंट्रल के साथ मीटिंग की जाएगी।