- Hindi News
- युवक का मर्डर, प्रेम संबंधों के चलते मारने की आशंका
युवक का मर्डर, प्रेम संबंधों के चलते मारने की आशंका
शेरपुर इलाकेके कैलाश नगर की गली नंबर 3 के रहने वाले पवन कु़मार का मर्डर कर हत्यारों ने उसकी लाश गली के नुक्कड़ पर स्थित एक फैक्ट्री के बाहर फेंक दी। आशंका जताई जा रही है कि 24 साल के पवन का मर्डर अवैध संबंधों के चलते किया गया है। क्योंकि उसके बाजू पर एक लड़की का नाम लिखा हुआ है। कुछ समय पहले पवन और लड़की को एक फैक्ट्री से प्रेम संबंधों के चलते निकाल दिया गया था।
वारदात का पता शनिवार सुबह उस समय चला जब फैक्ट्री मालिक सुरेश फैक्ट्री खोलने के लिए पहुंचे। लाश देख फैक्ट्री मालिक ने इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर सुरेंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में लाश युवक के घरवालों को सौंप दी गई।
पुलिस ने पवन कुमार के चचेरे भाई जनार्दन की शिकायत पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। जनार्दन ने बताया कि पवन की शादी नहीं हुई थी। वह दो साल से घटनास्थल के निकट ही दूसरी गली में रहता था। जबकि उसके घर के अन्य मेंबर गांव में रहते हैं। पवन जस्सियां रोड मुंडियां स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। कुछ दिन पहले भी पवन ने उसे फोन पर किसी से झगड़ा होने के बारे में जानकारी दी थी।
इंस्पेक्टर सुरेंदर सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि पवन ने शराब पी हुई थी। उसके कमरे से कई फैक्ट्रियों के पते और एक लड़की का फोटो मिला है। उन्होंने बताया कि पवन का किसी लड़की से अफेयर चल रहा था जिसके चलते उसे फैक्ट्री से निकाल दिया गया था। लड़की से संबंधों को लेकर पहले भी पवन का कुछ लोगों से झगड़ा हो चुका था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पवन के मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। फिलहाल जिस लड़की से उसके संबंधों की बात की जा रही है उसकी भी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम में सामने आया है कि पवन की मौत सिर पर चोट लगने के कारण हुई है।
कैलाश नगर में घटनास्थल से सबूत जुटाता पुलिस मुलाजिम।
पवन कुमार
पोस्टमार्टम में सिर पर चोट लगने का कारण आया सामने
अफेयर के चलते लड़की के साथ युवक को निकाला जा चुका था फैक्ट्री से
लुधियाना|रिषी नगर में एक प्लॉट से लड़की की लाश बरामद हुई हैं। लाश देख लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना पीएयू की पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मरने वाली युवती रिषी नगर स्थित झुग्गियों की रहने वाली 15 साल की निशा है। पुलिस ने निशा के पिता पोखीराम के बयान पर धारा 174 की कार्रवाई कर दी है। एएसआई प्रेम सिंह ने बताया कि निशा का घरवालों के साथ झगड़ा चल रहा था। जिस कारण से वह ज्यादातर घर से बाहर रहती थी। शनिवार की सुबह 9 बजे झुग्गियों के पास एक प्लॉट में निशा की लाश देख इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। जांच अफसर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।