- Hindi News
- सांसद बिट्टू 9 विधानसभा हलकों में खोलेंगे ऑफिस
सांसद बिट्टू 9 विधानसभा हलकों में खोलेंगे ऑफिस
सांसदरवनीत सिंह बिट्टू अपने लोकसभा क्षेत्र लुधियाना के सभी 9 विधानसभा हलकों में जल्द ही पब्लिक डीलिंग के लिए ऑफिस खोलेंगे। रविवार शाम को शहर के कोचर मार्केट चौक के पास अपने सेंट्रल ऑफिस की शुरुआत करते हुए उन्होंने यह जानकारी दी। यह सेंट्रल ऑफिस लुधियाना वेस्ट हलके के विधायक भारतभूषण आशू के ऑफिस के साथ ही खोला गया। काबिलेजिक्र है कि सांसद बिट्टू का लुधियाना में अपना कोई पब्लिक डीलिंग ऑफिस होने की बात सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। सांसद बिट्टू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बचाव में तर्क दिया कि संसदीय क्षेत्र से उनका हमेशा जुड़ाव रहता है। वे पार्टी के एमएलए, पार्षद या आेहदेदारों के यहां अकसर जनता की समस्याएं सुनते हैं। फिर भी जनता की सुविधा के लिए सभी 9 विधानसभा हलकों में दफ्तर खोले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि लुधियाना लोकसभा क्षेत्र में 6 शहरी विधानसभा हलके लुधियाना ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ, साउथ, आत्मनगर और सेंट्रल हैं, जबकि तीन हलके देहात इलाके में गिल, दाखा जगराओं हैं। इनमें से सिर्फ तीन शहरी हलकों वेस्ट, नॉर्थ और साउथ में कांग्रेसी विधायक भारतभूषण आशू, राकेश पांडे सुरिंदर डावर हैं। बाकी शहरी हलकों आत्मनगर और साउथ में अकाली कैंप से बागी होकर जीते बैंस-ब्रदर्स विधायक हैं, जबकि ईस्ट लुधियाना, गिल, दाखा जगरांव में अकाली विधायक हैं। ऐसे में सांसद बिट्टू के लिए सभी विधानसभा हलकों में अपने आफिस खोलकर बाकायदा पब्लिक डीलिंग कायम रखना एक चैलेंज होगी। सांसद बिट्टू के साथ आफिस के उदघाटन के मौके पर विधायक आशू के अलावा विधायक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुलजीत नागरा, पार्षद संजय तलवाड़, सीनियर कांग्रेसी नेता गुरदेव लापरा, रमेश जोशी और जुग्गी बराड़ मौजूद रहे।