- Hindi News
- टीवी का चैनल बदलने से मना करने पर उस्तरे से 2 पर हमला
टीवी का चैनल बदलने से मना करने पर उस्तरे से 2 पर हमला
चीमाचौकके पास घनौड़ा कॉलोनी स्थित एक नाई की दुकान में युवक द्वारा टीवी का चैनल बदलने से मना करने पर दूसरे युवक ने उस पर उस्तरे से हमला कर दिया। जख्मी द्वारा शोर मचाया तो नाई बीचबचाव करने गया। इस पर हमलावर ने उसे भी जख्मी कर दिया। चीखने की आवाजें सुनकर आसपास के लोग आए तो हमलावर फरार हो गया। जख्मियों को लोगों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उनकी हालत बिगड़ती देख सीएमसी अस्पताल रैफर कर दिया गया। जख्मियों की पहचान टिब्बा रोड के रहने वाले रूपेश सूद और घोड़ा कॉलोनी के अरमान के रूप में हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची चौकी जनकपुरी की पुलिस मामले की जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार रूपेश सूद घोड़ा कॉलोनी में डाइंग फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार की रात 9:30 बजे वह इलाके के ही अरमान हेयर ड्रेसर की शॉप में शेव करवाने गया था। वहां पर एक अन्य युवक भी मौजूद था। नाई अरमान पैसे खुले करवाने के लिए बाहर चला गया। रूपेश शॉप में ही गाने सुन रहा था। इसी दौरान दूसरे युवक ने रिमोट उठाकर टीवी का चैनल बदल दिया। रूपेश ने जब उसे चैनल बदलने से मना किया तो दूसरा युवक गाली गलौज पर उतर आया। विरोध करने पर युवक ने शॉपर में रखा उस्तरा उठाया और रूपेश के सिर और गले पर वार कर दिए। रूपेश का शोर सुनकर अरमान जब बीचबचाव करने के लिए आया तो युवक ने उसे भी उस्तरा मारकर जख्मी कर दिया और फरार हो गया।