- Hindi News
- ह्यूमन डे पर एनजीआे ने किया महिलाओं को जागरूक
ह्यूमन डे पर एनजीआे ने किया महिलाओं को जागरूक
इंटरनेशनलह्यूमन डे पर बुधवार को नवकिरण वुमन वेलफेयर एसोसिएशन ने शिंगरा सिनेमा रोड स्थित धर्मपुरा इलाके में जागरूकता प्रोग्राम का आयोजन किया। इस मौके पर बेलन ब्रिगेड की प्रेसिडेंट अनीता शर्मा आर्किटेक्ट ने महिलाओं को मानवाधिकारों के बारे में अहम जानकारी दी।
उन्होंने चिंता जताई कि मौजूदा समय देश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। इस कारण आम लोगों की सुरक्षा खतरे में है। इसका मुख्य कारण हर स्तर पर फैला भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद कानून-व्यवस्था के मामलों में बढ़ती सियासी दखलंदाजी है। इसी वजह से सामाजिक ढांचा भी चरमरा गया है। श्रीमती शर्मा ने मिसाल दी कि अगर पुलिस को सड़क, रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या या नशे से मौत का कोई मामला मिलता है तो आमतौर पर ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच-पड़ताल करने की बजाए धारा 174 में कार्रवाई कर फाइल बंद कर दी जाती है। जिसके साथ ही पुलिस जांच एजेंसी के तौर पर अपनी जिम्मेदारी से बच जाती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बेलन ब्रिगेड मानवाधिकारों के उल्लंघन और खासतौर पर महिलाओं बच्चों के खिलाफ होने वाले हिंसा के मामलों की गंभीरता से जांच किए जाने की मांग करती है। इस दौरान महिलाओं को मानवाधिकारों की रक्षा उनके बारे में लोगों को जागरूक करने का संकल्प भी दिलाया गया। इस अवसर पर संजना, मनजीत कौर, नरिंदर वीर, सुषमा, आशा, कैलाश, उषा रानी, ममता, विमला, आरती, अमृतपाल कौर की खास मौजूदगी रही।