- Hindi News
- हमें दूसरों के गुण देखने का स्वभाव बनाना है : देवेंद्र सूद
हमें दूसरों के गुण देखने का स्वभाव बनाना है : देवेंद्र सूद
श्रीरामशरणम आश्रम दरेसी रोड में साप्ताहिक प्रार्थना सभा का आयोजन भाई देवेंद्र सूद की अगुवाई में किया गया। इस दौरान उपस्थित साधकों ने मिलकर सारे विश्व की शांति और भले के लिए प्रार्थना की। भाई देवेन्द्र सूद ने साधकों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने जीवन की उन्नति के लिए हमें दो दोषों ईष्र्या और परनिंदा का त्याग करना है। हमें दूसरों के दोष देखने की बजाए गुण देखने का स्वभाव बनाना है। उन्होंने कहा कि दूसरे की उन्नति देखकर मन में जलन नहीं रखनी क्योंकि समय से पहले और भाग्य से अधिक कभी किसी को नहीं मिलता है।
अपना कर्म और मेहनत करके जो प्राप्त हो, उसमें संतुष्ट रहने से ही सुख मिलता है। उन्होंने कहा कि क्रोध को प्रीत से, ईष्र्या को मेल मिलाप से और वैर को मैत्री से मारना है। लोभ को दान पुण्य से, अभिमान को दीन हीन की सेवा करके जीतना है।
प्रार्थना सभा में कुमार संजीव, अंजु धीर आदि ने राम भक्ति के मधुर भजनों का गायन किया। दीना बंधू दीनानाथ लाज मेरी तेरे हाथ की प्रार्थना और हनुमान चालीसा के पावन पाठ के साथ प्रार्थना सभा को विश्राम दिया गया।
श्रीराम शरणम् आश्रम दरेसी में प्रार्थना सभा के दौरान उपस्थित साधक। फोटाे : भास्कर