लुधियाना. सेहत विभाग भले ही डेंगू के लारवा को खत्म करने के प्रयास में जुटा हुआ है। इसके बावजूद डेंगू के मरीज सामने रहे हैं। सीएमसी हॉस्पिटल में दाखिल हैबोवाल कलां निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। इसी तरह डीएमसीएच में दाखिल लाडोवाल की 42 साल की महिला को डेंगू बताया गया है।
जिले में अब तक 13 लोगों को डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। हाल ही में मिले डेंगू के मरीज कई दिनों से बुखार के कारण अस्पताल में दाखिल हैं। मंगलवार को सीएमसी और डीएमसी हॉस्पिटल ने उन्हें डेंगू होने की पुष्टि करते हुए इसकी सूचना सेहत विभाग को भेजी है। सेहत विभाग ने हैबोवाल कलां निवासी मरीज के घर के आसपास के इलाके में छिड़काव करा दिया गया है, ताकि वहां मौजूद डेंगू के मच्छर किसी दूसरे व्यक्ति को अपना शिकार बना सकें। दूसरी तरफ सेहत विभाग की टीम ने पंजाब माता नगर में 9 घरों के कूलरों से, करनैल सिंह नगर में 15 से, विशाल नगर जवद्दी में 1-1 कूलर से डेंगू का लारवा मिलने का दावा किया। टीम ने इन कूलरों के पानी में दवा डालकर लारवा को खत्म कर दिया। जिला एपिडिमोलॉजिस्ट डॉ. अनिल वर्मा का कहना है कि सेहत विभाग तो अपना काम कर ही रहा है, शहरवासियों को भी अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक रहते हुए डेंगू मच्छरों को खत्म करना चाहिए। इसके लिए सेहत विभाग की ओर से जारी किए जाने वाले सेफ्टी टिप्स को फॉलो करके सेफ रहा जा सकता है।