लुधियाना. नगर निगम की तहबाजारी टीम ने गुरुवार को सड़क से इंक्रोचमेंट हटाने में डबल स्टैंडर्ड दिखाया। मॉडल टाउन में सड़क इंक्रोचमेंट के खिलाफ कार्रवाई करते पब्लिक का सामान तो उठा लिया, लेकिन निगम सुपरिंटेंडेंट नवीन मल्होत्रा के बेटे का सामान लौटा दिया। वीरवार को जोन डी टीम ने 17 दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त किया है। इसके अलावा 70 बैनर, 80 पोस्टर को उतारा दिया गया। यहां बता दंे कि नवीन मल्होत्रा इससे पहले मेयर के पीए पद पर रह चुके हैं। अब हाल ही में दोबारा जोन बी में बतौर सुपरिंटेंडेंट पद पर ज्वाइन किया है। इसलिए तहबाजारी ब्रांच अफसर उनके बेटे की दुकान के खिलाफ कार्रवाई करने से कतराते हंै। हद तो तब हो गई, जब शाम ढ़लते ही निगम सुपरिंटेंडेंट के बेटे ने दोबारा सड़क पर सामान सजा डाला।
कार्रवाई के नाम पर दोहरी नीति
निगमबी जोन में तैनात सुपरिंटेंडेंट नवीन मल्होत्रा का बेटा रोबिन मल्होत्रा सेलिब्रेशन के नाम पर मॉडल टाउन मार्किट में गैलरी चलाते हंै। बीते कुछ दिन से दुकान के बाहर टेंट लगाकर सामान सजा रखा था। निगम जोन डी तहबाजारी टीम मॉडल टाउन मार्केट में इंक्रोचमेंट पर अपनी कार्रवाई करती, लेकिन सुपरिंटंेंडेंट बेटे की दुकान देखते सब दबे पांव वापस लौट रही थी। इसी बात को लेकर कुछ दुकानदारों ने निगम कमिश्नर दफ्तर में शिकायत दर्ज करवाई। वीरवार बाद दोपहर जोन डी तहबाजारी इंस्पेक्टर कालड़ा दुकान पर पहुंचे। यहां पर दुकान के बाहर लगे टेंट को उतार चलते बने। हालांकि कुछ दूरी पर एक अन्य गैलरी के बाहर रखे सामान को निगम टीम जब्त कर अपने साथ ले गई। निगम की इस दोहरी नीति से आसपास के दुकानदारों में आक्रोश पैदा हो गया।
सेलिब्रेशन गैलरी को लेकर कमिश्नर दफ्तर में शिकायत आई थी। इसी के आधार पर वीरवार को कार्रवाई की गई है। उनका टेंट उतरवा दिया गया है। लेकिन टेंट की पाइप बड़ी होने के चलते जब्त नहीं किया गया है। विजयकालड़ा, इंस्पेक्टर तहबाजारी जोन डी
देखिए ऐसी कोई बात नहीं है, मैं खुद शहर से इंक्रोचमेंट हटाने का काम करता रहा हूं। अभी वेलंटाइन डे को लेकर दुकान के आगे टेंट को लगाया गया था। मैने अपने बेटे को कह दिया है कि सड़क पर किसी तरह की इंक्रोचमेंट की जाएगी। नवीनमल्होत्रा, सुपरिंटेंडेंट निगम
बाहर लगने वाली रेहड़ी पर नहीं होती कार्रवाई
आरटीआई एक्टिविस्ट अरविंद कुमार कहते है कि सुपरिटेंडेंट पुत्र का इतना दबदबा है कि उनकी दुकान पर कार्रवाई करना तो दूर की बात है। निगम अफसर उनकी दुकान के बगल में लगने वाली रेहड़ी पर कार्रवाई तक करने से कतराते है। कुछ समय पहले निगम ने चुरमुर गोलगप्पे की रेहड़ी को जब्त किया था। लेकिन कुछ देर बाद ही उसे छोड़ना पड़ा था। इन रेहडिय़ों से हर रोज तीन सौ रुपए की वसूली होती है।
सीधी बात - सतवंत सिंह असिस्टेंट कमिश्नर
सवाल : तहबाजारी ब्रांच इंक्रोचमेंट हटाने में दोहरे मापदंड क्यों अपना रही है?
जवाब: ऐसा नहीं है, सब पर कार्रवाई हो रही है।
सवाल:निगम सुपरिटेंडेंट के बेटे की दुकान के बाहर लगे टेंट को जब्त क्यों नहीं किया गया?
जवाब:यह मामला मेरे ध्यान में नहीं है, अगर ऐसा नहीं किया तो गलत है।
सवाल: कार्रवाई के बाद दुकान के बाहर फिर सामान कैसे लगाया?
जवाब:मैं मामले में जोन डी सुपरिंटेंडेंट को कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के लिए कह रहा हूं।