लुधियाना. होजरी के सामान का बांग्लादेश में फर्जी एक्सपोर्ट दिखाकर सेल्ज टैक्स डिपार्टमेंट से 2.48 करोड़ का बोगस वैट रिफंड लेने के आरोप में यार्क इंटरनेशनल श्रीयांश इंटरनेशनल के राजीव मेहन को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस ने आरोपी को कचहरी से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह किसी मुकद्दमे की तारीख के सिलसिले में आया था। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सेल्ज टैक्स डिपार्टमेंट के अफसरों की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर पांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी कर वैट रिफंड लेने के आरोप में 14 नवंबर 2013 को एफआईआर दर्ज की थी। इसी आरोपी के खिलाफ 30 जनवरी 2014 को थाना डिवीजन नंबर 5 में बोगस वैट रिफंड का एक और मामला दर्ज हुआ। आरोपी पिछले एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था।
सेल्ज टैक्स डिपार्टमेंट के अफसरों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि राजीव मेहन की यार्क इंटरनेशनल कंपनी को डिपार्टमेंट की तरफ से 28 दिसंबर 2012 को टिन नंबर जारी किया गया था। उक्त फर्म के मालिक ने साल 2012-13 की पहली तिमाही में ही 16.37 करोड़ रुपए का कारोबार डिपार्टमेंट को दिखा दिया। उक्त फर्म ने इसमें से 12 करोड़ 38 लाख रुपए की एक्सपोर्ट एच फार्म के आधार पर श्रीयांश इंटरनेशनल के जरिए बांग्लादेश को दिखा दी। पंजाब में इस कारोबार पर 6.05 प्रतिशत टैक्स लगता है, जबकि एक्सपोर्ट पर जीरो प्रतिशत टैक्स है। उक्त फर्म ने डिपार्टमेंट से 74 लाख रुपए का वैट रिफंड लेने के लिए आवेदन कर दिया।
रिफंड लेने के लिए हल्फिया बयान भी दे दिया। डिपार्टमेंट ने दस्तावेजों की जांच के बाद उक्त फर्म को वैट रिफंड जारी कर दिया। इसी फर्म के मालिक ने श्रीयांश इंटरनेशनल के जरिए बांग्लादेश को 13 करोड़ रुपए की एक्सपोर्ट दिखाते हुए 1.74 करोड़ का रिफंड ले लिया। सेल्ज टैक्स डिपार्टमेंट के अफसरों को इस फर्म के दस्तावेजों की जांच के बाद पता चला कि डिपार्टमेंट को जो दस्तावेज जमा करवाए गए हैं उस पर जाली हस्ताक्षर मोहरें लगी हैं। उक्त आरोपी ने डिपार्टमेंट को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपए का चूना लगा दिया। डिपार्टमेंट को इस बात की भी जानकारी मिली थी कि उक्त आरोपी ने अपने ड्राइवर के नाम पर भी एक फर्म खोली हुई है। इसके अलावा भी कई फर्में खोलकर भी डिपार्टमेंट को बोगस सेल दिखाई गई हैं। जिस पर विभाग की तरफ से एक विशेष टीम गठित कर फर्मों के दस्तावेजों की जांच की गई।
बोगस बिलिंग कर करोड़ों के वैट रिफंड मामले को लेकर सेल्ज टैक्स डिपार्टमेंट के अफसरों की टीम के साथ मिल कर आरोपी राजीव मेहन से पूछताछ की जा रही है। मामले में कई अन्य तथ्यों को लेकर भी जांच की जा रही है। -नवदीप सिंह, सब इंस्पेक्टर कोचर, मार्केट
दूसरी तरफ फर्म के राजीव का कहना है कि उसने डिपार्टमेंट से इस संबंध में असेसमेंट भी करवा ली थी। लेकिन डिपार्टमेंट की तरफ से उसके साथ धक्केशाही की गई है। एक मामले में उन्होंने हाईकोर्ट में मामला रद्द करने के लिए याचिका भी दाखिल की हुई है।