लुधियाना। जमालपुर अर्बन एस्टेट स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल में खड़ी दो बसों में रात दो बजे अचानक आग लग गई। हादसे के समय स्कूल की अन्य बसें भी मौके पर ही खड़ी थी। जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने हादसाग्रस्त बसों से दूर किया। स्थानीय निवासी संजीव भार्गव ने बताया कि हादसा रात 2 बजे के करीब हुआ।
आग के वक्त स्कूल में तीन कर्मचारी मौजूद थे। घटना के बाद एक दर्जन के करीब मोहल्ला निवासी एकत्रित हो गए और आग को बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दे दी गई थी लेकिन फायर ब्रिगेड करीब 1 घंटे देरी से पहुंची। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने एक घंटा मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्कूल प्रिंसिपल गुरपाल कौर आनंद ने कहा कि इस घटना की जांच करने के लिए कमेटी का गठन किया गया है।