- Hindi News
- बैंक मुलाजिमों ने जताया आईबीए के खिलाफ रोष
बैंक मुलाजिमों ने जताया आईबीए के खिलाफ रोष
लुधियाना|सिविल लाइंसफव्वारा चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने आईबीए की ओर से उनकी मांगों को मानने को लेकर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस संयोजक कॉमरेड नरेश गौड़, कॉमरेड गुलशन चौहान, कॉमरेड जेपी कालड़ा, कॉमरेड डीसी लांडरा, पंजाब बैंक इंप्लाइज फेडरेशन की लुधियाना इकाई के प्रधान कॉमरेड पवन ठाकुर, कॉमरेड राकेश खन्ना ने बैंक मुलाजिमों को संबोधित करते हुए कहा कि आईबीए के साथ सैलरी के मुद्दे को सकारात्मक तरीके सुलझाने को लेकर उनके द्वारा स्थगित की गई हड़ताल जोकि पहले 21 जनवरी को होनी थी। अब यह हड़ताल 25 से 28 फरवरी तक की जाएगी। उन्होंने आइबीए और सरकार पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा इस मुद्दे के शांतिमय ढंग से सुलझाने के लिए अपनाए गए लचीले रुख को हमारी कमजोरी समझा गया।
उन्होंने कहा कि बैंकों में मुलाजिमों पर लगातार काम का भार बढ़ रहा है। इसके अलावा बैंकों में मानवीय बल का भी अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बहुत खेदजनक बात है कि सरकार और आईबीए द्वारा बैंक मुलाजिमों का बनता हक उनको दिया नहीं जा रहा। उन्होंने कहा सरकार इस मुद्दे पर सम्मानजनक समझौते के लिए कोई पहल नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि आईबीए की ओर से दिया गया 0.5% वृद्धि का प्रस्ताव अत्यंत तुच्छ, अपर्याप्त और संतोषजनक नहीं था। इसलिए यूएफबीयू ने फैसला लिया है कि वह संघर्ष करते हुए दोबारा फिर हड़ताल पर जाएंगे।