- Hindi News
- एवन साइकिल्स से 30 हजार बाइसिकल खरीदेगा बांग्लादेश
एवन साइकिल्स से 30 हजार बाइसिकल खरीदेगा बांग्लादेश
बांग्लादेशके कारोबारी एवन साइकिल्स से एक साल में 30 हजार साइकिल खरीदेंगे। ढाका (बांग्लादेश) के कारोबारी सैयद इस्लाम ने कंपनी के सीएमडी ओंकार सिंह पाहवा से हर महीने 2500 बाइसिकल खरीदने का करार किया है। शुक्रवार को एवन साइकिल की फैक्ट्री में पहुंचे ढाका के सैयद इस्लाम ने कहा है कि लुधियाना की साइकिल का क्रेज बांग्लादेश में बढ़ा है।
बांग्लादेश के प्रमुख इंपोर्टर और सेराज ट्रेडर्स ढाका के सैयद इस्लाम ने पाहवा के साथ करार करते हुए कहा कि बांग्लादेश में फैंसी साइकिलों की मांग बढ़ी है। यहां इस्लाम ने एवन साइकिल के पांच हजार रुपये की औसत कीमत वाली फैंसी साइकिल को बांग्लादेश में बेचने का करार किया है। इस्लाम ने बताया कि करीब 25 साल से साइकिल कारोबार से जुड़े हैं और बांग्लादेश में हिंदुस्तानी साइकिल ही पसंद है। बांग्लादेश के बाजार में भारतीय रोडस्टर एंड फैंसी साइकिल की मांग पिछले साल के मुकाबले दोगुना हो गई है, जबकि चीन से रही साइकिलों की मांग पहले के मुकाबले कम हो रही है।
इस मौके पर उन्होंने अपनी ओर से एवन के सीएमडी ओंकार सिंह पाहवा को एक यादगार चिन्ह भेंट किया। इससे पहले एवन परिसर पहुंचने पर कंपनी के सीएमडी पाहवा ने इस्लाम का फूलों से स्वागत किया और बताया कि इस समय उनकी कंपनी 160 से ज्यादा साइकिल मॉडल्स के साथ 100 की करीब देशों में सफलतापूर्वक एक्सपोर्ट कर रही है।
एवन के सीएमडी ओंकार सिंह पाहवा ने बांग्लादेश के कारोबारी सैयद इस्लाम को कंपनी के नए प्रोडक्ट्स की जानकारी दी।