- Hindi News
- पुलिस ने पहले क्लिक की फोटो, बाद में पता चला कि चोर था और धरा गया
पुलिस ने पहले क्लिक की फोटो, बाद में पता चला कि चोर था और धरा गया
पुलिसके पीसीआर दस्ते के मुलाजिमों और प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी के गार्ड की अक्लमंदी और मुस्तैदी से गुरुद्वारे और मंदिर में चोरी कर भागा युवक पकड़ा गया। हुआ यूं कि पीसीआर मोटरसाइकिल नंबर 45 के मुलाजिम रमेश कुमार और रवि कुमार जवाहर नगर मार्केट में रात गश्त कर रहे थे। एक युवक वहां घूम रहा था। पूछताछ करने पर उसने बताया कि घरवालों से झगड़ा होने से वह भाग आया। पीसीआर मुलाजिमों में से एक मुलाजिम ने मोबाइल में उसका फोटो खींच लिया। इसके बाद पीसीआर दस्ते को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि लाजपत नगर स्थित गुरुद्वारा भाई गुरबख्श सिंह में चोरी हो गई है। भागते चोर का जैसा हुलिया लोगों ने बताया, उससे मुलाजिमों को शक गहराया की यह वही युवक है, जिसकी मोबाइल से तस्वीर खींची थी। तभी फिर मैसेज गया कि जवाहर नगर मार्केट स्थित श्री सनातन धर्म माईके मंदिर में चोरी हो गई।
वहां लोगों ने बताया कि नजदीक स्थित गारमेंट शोरूम पर तैनात एक प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी के गार्ड जुगराज सिंह ने मंदिर के गेट का ताला तोड़ते एक युवक को देखा था। जुगराज ने राह गुजरते मोहल्ले के एक व्यक्ति को मंदिर के पुजारी पंडित सुनील शर्मा के घर भेजा, क्योंकि उनका फोन नंबर नहीं पता था। फिर लगे हाथों पुलिस कंट्रोल रूम में भी फोन कर दिया, जहां से मैसेज मिलने पर इलाके में तैनात 45 नंबर पीसीआर दस्ता पहुंच गया। उस पर तैनात दोनों युवा मुलाजिमों ने अपने मोबाइल फोन में खींची शक्की युवक की तस्वीर लोगों को दिखाई तो लोगों ने तस्दीक की कि भागते हुए चोर का हुलिया ऐसा ही था। पीसीआर दस्ते के दोनों मुलाजिम चोर को तलाशते रोडवेज बस अड्डे जा पहुंचे। उन्होंने चोरी कर भागे युवक को दुकान पर खड़े दबोच लिया। उसका नाम विकास है। साथ ही दिलचस्प खुलासा किया कि मंदिर से नगदी के साथ काफी संख्या में चुराए सिक्कों ने उसे पकड़वा दिया। वह दुकानदार से इनको नोटों में तब्दील करने के लिए रुका था।
सिक्योरिटी गार्ड जुगराज सिंह
पीसीआर मुलाजिम रवि कुमार
पीसीआर मुलाजिम रमेश कुमार
{जवाहर नगर इलाके में घूम रहा था युवक
{गार्ड ने मंदिर में चोर घुसते देख पुलिस को फोन किया
{मुलाजिमों ने खींची फोटो दिखा चोर की शिनाख्त की