- Hindi News
- लेट्स का चुनाव 10 दिसंबर को चार इंडस्ट्रियल ग्रुप हुए सक्रिय
लेट्स का चुनाव 10 दिसंबर को चार इंडस्ट्रियल ग्रुप हुए सक्रिय
कॉमनएफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) को चलाने वाली लुधियाना एफुलेंट ट्रीटमेंट सोसाइटी (लेट्स) के सीईओ, सेक्रेटरी और डायरेक्टर के पदों पर 10 दिसंबर को चुनाव होगा। इसके लिए डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्री सेंटर के जीएम महेश खन्ना को रिटर्निंग ऑफिसर और दर्शन सिंह को असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं, लेट्स के चुनाव में इस बार मौजूदा सीईओ अवतार सिंह समेत चार अन्य गुट चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
लेट्स के सीईओ अवतार सिंह और सेक्रेट्री चरणजीत सिंह विश्वकर्मा ने इंडस्ट्री मिनिस्टर मदन मोहन मित्तल से मिलकर मौजूदा कार्यकाल को एक साल और बढ़ाने का अनुरोध किया था, लेकिन मंत्री ने संविधान का हवाला देकर इसे मना कर दिया। मंत्री ने डायरेक्टर इंडस्ट्री से बात कर चुनाव की तारीख 10 दिसंबर को तय कर दी। मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल 19 दिसंबर को खत्म हो रहा है।
लेट्स चुनाव के लिए अवतार सिंह जहां सीईओ के पद पर दोबारा दावेदारी जता रहे हैं, वहीं उन्हें चुनौती देने के लिए गुरमीत सिंह कुलार गुट सक्रिय हो गया। इसके साथ ही पूर्व सीईओ जोगिंदर कुमार भी चुनाव लड़ने के लिए टीम तैयार कर रहे हैं, तो इंडस्ट्रियलिस्ट्स एससी रल्हन भी सक्रिय हैं। चुनाव के लिए एसपीएस लोगियां को मेन को-ऑर्डिनेटर और इंडस्ट्रियल एडवाइजर टीएल खोसला को आब्जर्वर बनाया गया है।