सीएम ने दी अंतिम श्रद्धांजलि।
लुधियाना. पैतृक गांव तलवंडी राय में हजारों नम आंखों ने शनिवार को सीनियर अकाली नेता व एसजीपीसी के पूर्व प्रधान जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी को अंतिम विदाई दी। गांव के सरकारी एलीमेंट्री स्कूल के खेल मैदान में सरकारी सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। ‘जगदेव सिंह तलवंडी अमर रहे’ और ‘लौह पुरुष अमर रहे’ के नारों के बीच उनके बड़े बेटे पूर्व एमएलए रणजीत सिंह तलवंडी ने चिता को मुखाग्नि दी। छोटे बेटे तथा एसजीपीसी के मेंबर जगजीत सिंह तलवंडी भी उनके साथ मौजूद रहे। अंतिम संस्कार के वक्त उनकी पत्नी महिंदर कौर, बेटियां मनजीत कौर व हरजीत कौर, दामाद गुरदीप सिंह चीमा व अमृतपाल सिंह सिद्धू भी वहां मौजूद रहे। इससे पहले उनके सराभा नगर स्थित घर से पार्थिव देह के साथ संस्कार स्थल तक शव यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में उनके चाहने वालों ने हिस्सा लिया। सीएम प्रकाश सिंह बादल ने जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी की पार्थिव देह फूल माला अर्पित करते हुए कहा कि वो दृढ़ इरादे के मालिक थे। उनके देहांत से शिअद, पंथ व पंजाब के साथ निजी तौर पर उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। जत्थेदार तलवंडी की यादगार के बारे में सीएम बादल ने कहा कि इस बारे में परिवार से बातचीत कर फैसला लिया जाएगा।
अंतिम दर्शन को लगा लोगों का हुजूम
अंतिम विदायगी के मौके पर एसजीपीसी के प्रधान अवतार सिंह मक्कड़, विस स्पीकर डा. चरनजीत अटवाल, सिंचाई मंत्री शरणजीत ढिल्लो, वित्त मंत्री परमिंदर ढींढसा, शिक्षा मंत्री दलजीत सिंह चीमा, कृषि मंत्री जत्थेदार तोता सिंह, सीएम के एडवाइजर महेशइंदर सिंह ग्रेवाल, सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, प्रेम सिंह चंदूमाजरा, सीपीएस बलवीर सिंह घुन्नस, दमदमी टकसाल के मुखी बाबा हरनाम सिंह खालसा, एमएलए मनप्रीत अयाली, एसआर कलेर, सरवण सिंह फिल्लौर, दर्शन सिंह शिवालिक, मुहम्मद सदीक, पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़ समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
आगे की स्लाइड्स में देखें, अंतिम संस्कार की तस्वीरें..