पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ASI Arrested For Taking Bribe Of 60 Thousand Police Station

थाने में एएसआई 60 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लुधियाना. विजिलेंस ने फिरोजपुर रोड स्थित बिजली बोर्ड के पुलिस स्टेशन में तैनात एक एएसआई मुनीष कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जबकि रिश्वत की राशि का सौदा तय करने वाला एएसआई हरमनजीत सिंह अपने एक अन्य साथी समेत थाने की दीवार फांद कर फरार हो गया। टीम ने मौके पर रिश्वत के रूप में दी गई 60 हजार रुपए की राशि भी बरामद कर ली। हैबोवाल के रहने वाले जगजीत सिंह की शिकायत पर एएसआई मुनीष व हरमनजीत सिंह पर मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत में जगजीत ने बताया कि उनका हबड़ा रोड़ पर वैष्णो ढाबा है। वहां पर लगा बिजली का मीटर उनके पिता कुलदीप सिंह के नाम पर है। काफी समय पहले उनके ढाबे पर लगा मीटर सड़ गया था। विभाग ने बाद में जांच करने के बाद उन पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया। कुछ समय के बाद बिजली बोर्ड ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई हरमनजीत सिंह से बात की तो उसने कुलदीप सिंह को गिरफ्तारी से बचाने के लिए 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी।

24 जनवरी को उनका सौदा 70 हजार रुपए में तय होने के बाद 10 हजार रुपए एडवांस दे दिए। सोमवार को फिर हरमनजीत सिंह ने फोन पर उन्हें कहा कि बकाया राशि लेकर थाने में आ जाओ और रकम एएसआई मुनीष को पकड़ाने के लिए कहा। पीडि़त ने इसकी शिकायत विजिलेंस को दी। विजिलेंस की टीम ने योजना के अनुसार गवाहों की मौजूदगी में आरोपी मुनीष को 60 हजार रुपए की राशि समेत गिरफ्तार कर लिया।