लुधियाना. शनिवार-रविवार सुबह 3.30 बजे डीएमसी के पास एक गारमेंट्स कंपनी के सुपरवाइजर राज कुमार को बाइक सवार दो लुटेरों ने गन प्वाइंट पर लूट लिया। लुटेरे 1500 रुपए की नकदी, एक
मोबाइल, तीन डेबिट कार्ड, पेन कार्ड व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। थाना डिवीजन नंबर 4 पुलिस ने राज कुमार की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में राज कुमार ने बताया कि वह कंपनी के काम के सिलसिले में गुडगांव गया था। सुबह करीब 3:30 बजे वह स्टेशन से रिक्शे से लक्ष्मी नगर स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान डीएमसी हॉस्पिटल के पास पीछे से बाइक सवार दो लुटेरे आए और आते ही गन प्वाइंट पर धमकाते हुए सारा सामान देने के लिए कहा। लुटेरे राज कुमार से 1500 कैश, मोबाइल व अन्य सामान लूट कर फरार हो गए। राजकुमार ने बताया कि जब वह अपने मोबाइल और नकदी नहीं दे रहा तो लुटेरे उसे बार-बार रिवॉल्वर से गोली मारने की बात कहकर धमकाते रहे। लूटने के बाद धक्का मारकर धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
रिक्शेवाले को भी लूटने की कोशिश
राज कुमार ने बताया कि लुटेरों ने रिक्शे वाले से भी पैसे निकालने के लिए कहा था। लेकिन उसके पास पैसे कम होने के कारण वह नहीं लेकर गए। युवक बिना मुंह बांधे लाल मोटरसाइकिल पर आए थे।