लुधियाना. प्रीतम नगर इलाके में अपने घर के बाहर खड़ी एनआरआई की पत्नी से पता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाश दो तोले सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। प्रमिला शर्मा ने जबतक शोर मचाया दोनों बदमाश भाग चुके थे। आरोपियों की करतूत पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
प्रमिला शर्मा ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपने घर के बाहर किसी काम से खड़ी थी। इसी दौरान ब्लैक कलर के स्प्लेंडर पर आए दो युवक उनसे पता पूछने के बहाने रुके। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।प्रमिला ने बताया कि उनके पति शैलेंदर शर्मा विदेश में रहते हैं। घटना के बाद उनके रिश्तेदारों ने घटना की सूचना थाना डिवीजन नं.4 की पुलिस को दी।
तीन दिन पहले बदमाशों ने की थी झपटमारी
मौके पर पुलिस ने पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पाया कि इन्हीं बदमाशों ने तीन दिन पहले भी झपटमारी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।