पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मंगलवार से शहर की सड़कों पर दौड़ेंगी 25 नई सिटी बसें

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लुधियाना. लुधियाना सिटी बस सर्विस लिमिटेड (एलसीबीएसएल) आगामी मंगलवार से शहर में 25 नई सिटी बसों को चलाने जा रहा है। नई बसों को चलाने में अडंगा बना सुप्रीम कोर्ट में चल रही याचिका का निपटारा हो गया है और इसमें ट्रांसपोर्ट विभाग को कोर्ट की ओर से राहत मिल गई है। अब एलसीबीएसएल इन बसों की रजिस्ट्रेशन करवा अगले पांच दिनों में कागजी कार्रवाई कर बसों को नए रूट पर उतार देगा। नए रूटों में हैबोवाल कलां, शिमलापुरी व पक्खोवाल का रूट शामिल हैं।

गिल रोड के पुराने रूट पर चलाई गई चार बसें : सिटी बस की कमान संभालने वाली प्रसन्ना पर्पल कंपनी ने गिल रोड के पुराने रूट पर भी चार बसें आज से चालू कर दी हैं। ये कंपनी अब कुल 50 पुरानी बसों में से 35 बसों को सड़क पर उतार चुकी हैं। कंपनी की ओर से ड्राइवर व कंडक्टरों की भर्ती का सिलसिला जारी है और अगले सप्ताह तक सभी बसें चालू करने की संभावना है।

नए रूट पर सरकार से मंजूरी मिलना बाकी

सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसपोर्ट विभाग से संबंधित केस का निपटारा होने से शहर के 42 रूट पर अगले माह से चलने वाली 135 नई बसों को चलाने का रास्ता भी साफ हो गया है। एलसीबीएसएल इन बसों की डिलीवरी देने वाली कंपनियों के पास ये बसें तैयार खड़ी हुई हैं, लेकिन कोर्ट केस होने के चलते इन बसों की डिलीवरी नहीं ली जा रही थी। अब इन बसों को चलाने का जिम्मा उठाने वाली प्रसन्ना पर्पल कंपनी नए ड्राइवरों की भर्ती कर अगले माह से इन्हें चालू करेगा। फिलहाल शहर के जिन 42 रूट का प्लान तैयार किया गया है, इन पर सरकार व ट्रांसपोर्ट विभाग से मंजूरी मिलनी अभी बाकी है।

॥फिलहाल कोर्ट के आदेशों की प्रति का इंतजार है और ये प्रति मिलते ही कागजी कार्रवाई को पूरा कर लिया जाएगा। अगले सप्ताह नई बसें तीन या चार नए रूट पर चालू कर दी जाएंगी।

बलजीत सिंह, जीएम सिटी बस लुधियाना

॥चार पांच दिन में नई बसों के दस्तावेजों की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी और 28 जनवरी से ये बसें सड़क पर आ जाएंगी।
ईशा कालिया, इंचार्ज सिटी बस